एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली के नजफगढ़ में प्रेमी युगल संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया, जांच जारी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के नजफगढ़ में 20 वर्षीय एक युवक और एक किशोरी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी मंगलवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | दिल्ली के नजफगढ़ में प्रेमी युगल संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया, जांच जारी

नयी दिल्ली, आठ जुलाई दिल्ली के नजफगढ़ में 20 वर्षीय एक युवक और एक किशोरी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार शाम करीब चार बजे द्वारका के नजफगढ़ के नागली इलाके में स्थित किशोरी के घर पर घटी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, युवक (20) और किशोरी (17) ने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि उनके परिवारों ने उनके रिश्ते को अस्वीकार कर दिया था।

पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि अग्निशमन विभाग के कर्मी पहले ही लोहे का गेट तोड़ चुके थे, जो कमरे में प्रवेश करने का एकमात्र रास्ता था।

उन्होंने बताया कि कमरे के अंदर पुलिस ने युवक और किशोरी को बेहोश हालत में फर्श पर पड़ा हुआ पाया।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि कमरा अंदर से बंद था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक एक ही इलाके में रहते थे और उनके बीच प्रेम संबंध थे, जिसके कारण उनके परिवारों के बीच पहले विवाद भी हुआ था।

उन्होंने बताया कि मामला कथित तौर पर कानूनी कार्यवाही तक पहुंच गया था, लेकिन बाद में आपसी सहमति से इसे सुलझा लिया गया।

अधिकारी ने बताया, "दोनों में से किसी के भी शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं थी। चिकित्सकों की प्रारंभिक जांच में मौत का कारण फांसी लगना बताया गया है, लेकिन हम पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।"

उन्होंने कहा कि जांच के बाद शवों को परिवारों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने दोनों के रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए हैं, जिन्होंने किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है।

अधिकारी ने बताया, "रिश्तेदारों ने कहा कि उन्हें किसी भी तरह की गड़बड़ी का संदेह नहीं है।"

हालांकि, युवक के परिवार ने आरोप लगाया है कि उसे (युवक को) किशोरी के घर बुलाया गया और साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी गई।

उन्होंने कहा कि पिछली बार विवाद के दौरान किशोरी के एक रिश्तेदार ने युवक को जान से मारने की धमकी दी थी।

अधिकारी ने कहा, "मामले की जांच की जा रही है। दरवाजा अंदर से बंद था और कमरे में जबरन प्रवेश या संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले हैं। फोरेंसिक विश्लेषण भी किया जा रहा है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2025 05:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).