देश की खबरें | लोस चुनाव: पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा, सीमा पर निगरानी बढ़ाने की रणनीति तैयार की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और सीमा पर निगरानी कड़ी करने के लिए पुलिस प्रमुखों की अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 19 अप्रैल राष्ट्रीय राजधानी में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और सीमा पर निगरानी कड़ी करने के लिए पुलिस प्रमुखों की अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि दिल्ली के विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) मधुप तिवारी के नेतृत्व में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के पड़ोसी जिलों के पुलिस प्रमुखों के साथ लोकसभा चुनाव के वास्ते सुरक्षा-व्यवस्था के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए बैठक की गई।

तिवारी ने बृहस्पतिवार की रात हुई बैठक में कहा, "चुनाव जैसे महत्वपूर्ण समय के दौरान कानून और व्यवस्था बनाए रखने में अंतर-राज्यीय सहयोग बहुत महत्वपूर्ण है।"

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा करना था।

अधिकारी ने बताया कि इस बैठक में शामिल अधिकारियों ने राज्य की सीमाओं पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की तैनाती, अवैध शराब की तस्करी, पैसों के लेन-देन पर निगरानी और वांछित अपराधियों की धरपकड़ जैसे कई अन्य विषयों पर भी चर्चा की।

अधिकारी ने कहा कि बैठक में दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अलावा, पड़ोसी जिलों गुड़गांव, फरीदाबाद, नोएडा और झज्जर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी शामिल हुए।

उन्होंने बताया कि इस बैठक में गुड़गांव के पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा, फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त राकेश आर्य, नोएडा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त बब्लू कुमार, झज्जर के एसीपी, फ़रीदाबाद के डीसीपी और आबकारी अधिकारी सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

दिल्ली पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने कहा कि बैठक में जिन प्रमुख विषयों पर चर्चा हुई उनमें अंतरराज्यीय सीमा निगरानी को तेज करना, संयुक्त गश्त और चौकियों को स्थापित करना शामिल है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\