देश की खबरें | लोस चुनाव : प्रमुख महिला उम्मीदवारों कंगना, हेमा मालिनी, डिंपल यादव ने आसान बढ़त बनायी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा चुनाव में सैलजा, कंगना रनौत, हेमा मालिनी, डिंपल यादव और मीसा भारती जैसी महिला उम्मीदवारों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में अच्छे-खासे अंतर से बढ़त बनायी हुई है।
नयी दिल्ली, चार जून लोकसभा चुनाव में सैलजा, कंगना रनौत, हेमा मालिनी, डिंपल यादव और मीसा भारती जैसी महिला उम्मीदवारों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में अच्छे-खासे अंतर से बढ़त बनायी हुई है।
अमेठी से निवर्तमान सांसद स्मृति ईरानी और सुल्तानपुर से सांसद मेनका गांधी उन लोकसभा सदस्यों में शामिल हैं जो अपने निर्वाचन क्षेत्रों में बड़े अंतर से पीछे हैं।
सिरसा से कांग्रेस उम्मीदवार सैलजा दोपहर तीन बजकर 35 मिनट तक अपने निर्वाचन क्षेत्र से 2.5 लाख से अधिक मतों से आगे चल रही थीं।
नयी दिल्ली सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार बांसुरी स्वराज 50,000 से अधिक मतों से आगे हैं।
इस बार कुल 797 महिलाओं ने लोकसभा चुनाव लड़ा था।
मुकाबले में बढ़त बनाने वाली कुछ प्रमुख महिला उम्मीदवारों में कंगना रनौत, हेमा मालिनी, डिंपल यादव और मीसा भारती शामिल हैं।
दोपहर तीन बजे तक हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर पहली बार चुनाव लड़ रही कंगना रनौत कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह से 70,000 से अधिक मतों से आगे हैं।
मथुरा से निवर्तमान सांसद हेमा मालिनी कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश धनगर से दो लाख से अधिक मतों के अंतर से आगे हैं।
मैनपुरी से निवर्तमान सांसद डिंपल यादव ने भी भाजपा के जयवीर सिंह के खिलाफ दो लाख से अधिक मतों की आसान बढ़त बना ली है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती भी बिहार की पाटलिपुत्र सीट से केंद्रीय मंत्री और निवर्तमान सांसद रामकृपाल यादव के खिलाफ करीब 50,000 से अधिक मतों के अंतर से आगे हैं।
पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर सीट से निवर्तमान सांसद महुआ मोइत्रा 50,000 से अधिक मतों के अंतर से आगे हैं जबकि बारामती से निवर्तमान सांसद सुप्रिया सुले 20,000 से अधिक मतों से आगे हैं।
थूथुकुडी से निवर्तमान सांसद व द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) की कनिमोई करुणानिधि 2.5 लाख से अधिक मतों से आगे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 04, 2024 06:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

