जरुरी जानकारी | भारत बॉन्ड ईटीएफ के प्रबंधन के लिए सलाहकार की तलाश

नयी दिल्ली, एक दिसंबर सरकार भारत बॉन्ड ईटीएफ के प्रबंधन के बारे में सलाह देने के लिए एक सलाहकार की नियुक्ति करना चाह रही है। इस ईटीएफ की प्रबंधन-अधीन परिसंपत्ति (एयूएम) 50,000 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है।

भारत बॉन्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में केंद्रीय सार्वजनिक इकाइयों एवं उपक्रमों, केंद्रीय सार्वजनिक वित्तीय संस्थान (सीपीएफआई) और अन्य सरकारी संगठनों के बॉन्ड शामिल हैं। इन संस्थानों ने ईटीएफ मंच का इस्तेमाल करते हुए 2019 से 33,400 करोड़ रुपये के बॉन्ड जारी किए हैं।

निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) ने शुक्रवार को एक सलाहकार की नियुक्ति के लिए अनुरोध प्रस्ताव (आरएफपी) जारी किया। इसके लिए बोली लगाने की आखिरी तारीख 26 दिसंबर है।

आवेदक के पास ईटीएफ या डेट (बॉन्ड) ईटीएफ या डेट (बॉन्ड) म्यूचुअल की पेशकश में प्रासंगिक अनुभव और विशेषज्ञता होनी चाहिए। इसके लिए मर्चेंट बैंकर, निवेश बैंकर, परामर्शदाता फर्म, वित्तीय संस्थान के पास सलाहकार सेवा का अनुभव होना चाहिए।

भारत बॉन्ड ईटीएफ की पहली पेशकश 2019 में हुई थी। ईटीएफ ने अब तक अपनी चार पेशकशों में कुल 33,400 करोड़ रुपये जुटाए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)