देश की खबरें | लंदन हीथ्रो हवाई अड्डा : एअर इंडिया की सेवाएं बाधित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. एअर इंडिया ने शुक्रवार को कहा कि लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर परिचालन अस्थायी रूप से बंद हो जाने के कारण वहां से उसकी सेवाएं बाधित हुई हैं तथा एक उड़ान मुंबई लौट आयी है जबकि दूसरी को फ्रैंकफर्ट भेजा गया है।
नयी दिल्ली/लंदन, 21 मार्च एअर इंडिया ने शुक्रवार को कहा कि लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर परिचालन अस्थायी रूप से बंद हो जाने के कारण वहां से उसकी सेवाएं बाधित हुई हैं तथा एक उड़ान मुंबई लौट आयी है जबकि दूसरी को फ्रैंकफर्ट भेजा गया है।
इसने कहा कि बाकी उड़ाने रद्द कर दी गयी हैं।
विद्युत व्यवधान के कारण लंदन हीथ्रो (एलएचआर) में परिचालन 21 मार्च को रात लगभग 12 बजे (स्थानीय समय) तक स्थगित कर दिया गया है।
एअर इंडिया के अलावा, ब्रिटिश एयरवेज और वर्जिन अटलांटिक की विभिन्न भारतीय शहरों और दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक एलएचआर के बीच प्रतिदिन सीधी उड़ानें हैं।
एअर इंडिया (एआई) ने एक बयान में कहा कि एलएचआर से आने-जाने वाली उसकी उड़ानें बाधित हो गई हैं।
एयरलाइन ने कहा, ‘‘मुंबई से लंदन हीथ्रो गयी उड़ान एआई129 को मुंबई वापस लौटना पड़ रहा है। दिल्ली से लंदन (हीथ्रो) जा रही उड़ान एआई161 को फ्रैंकफर्ट की ओर मोड़ दिया गया है। आज सुबह की एआई111 समेत लंदन हीथ्रो से आने-जाने वाली हमारी सभी शेष उड़ानें 21 मार्च के लिए रद्द कर दी गई हैं।’’
एअर इंडिया ने यह भी कहा कि लंदन गैटविक के लिए उसकी उड़ानें सामान्य रूप से संचालित होंगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)