एजेंसी न्यूज

ताजा खबरें | अमेरिका से भारतीय प्रवासियों की वापसी के मुद्दे पर लोकसभा की कार्यवाही तीन बार स्थगित

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. अमेरिका से वापस भेजे गए ‘‘अवैध’’ भारतीय प्रवासियों के साथ हुए व्यवहार को लेकर विपक्षी दलों के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में नारेबाजी की जिसके कारण सदन की कार्यवाही दो बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे पुन: शुरू होने के कुछ मिनट के अंदर ही अपराह्न 3.30 बजे तक स्थगित कर दी गई। इस मुद्दे पर विदेश मंत्री एस जयशंकर 3.30 बजे सदन में बयान देंगे।

ताजा खबरें | अमेरिका से भारतीय प्रवासियों की वापसी के मुद्दे पर लोकसभा की कार्यवाही तीन बार स्थगित

नयी दिल्ली, छह फरवरी अमेरिका से वापस भेजे गए ‘‘अवैध’’ भारतीय प्रवासियों के साथ हुए व्यवहार को लेकर विपक्षी दलों के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में नारेबाजी की जिसके कारण सदन की कार्यवाही दो बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे पुन: शुरू होने के कुछ मिनट के अंदर ही अपराह्न 3.30 बजे तक स्थगित कर दी गई। इस मुद्दे पर विदेश मंत्री एस जयशंकर 3.30 बजे सदन में बयान देंगे।

अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीयों को निर्वासित करने के तरीके पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण दो बार के स्थगन के बाद लोकसभा की बैठक दो बजे शुरू हुई तो संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सदन को सूचित किया कि इस मुद्दे पर विदेश मंत्री जयशंकर अपराह्न 3.30 बजे बयान देंगे।

उन्होंने हंगामा कर रहे सदस्यों ने सदन में बजट पर चर्चा होने देने की अपील की।

पीठासीन सभापति दिलीप सैकिया ने भी नारेबाजी कर रहे सदस्यों से बजट पर चर्चा शुरू होने देने की अपील करते हुए कहा, ‘‘आज जिस मुद्दे को उठा रहे हैं, उस पर विदेश मंत्री 3.30 बजे सदन में बयान देंगे। कार्यवाही चलाने में सहयोग कीजिए।’’

हालांकि, हंगामा नहीं थमने पर सैकिया ने कार्यवाही 3.30 बजे तक स्थगित कर दी।

इससे पहले आज सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर विपक्षी सदस्यों ने इस विषय को उठाने का प्रयास किया, लेकिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि वह 12 बजे विपक्षी सदस्यों के कार्यस्थगन के नोटिस पर विचार करेंगे। कई विपक्षी सदस्यों ने इस विषय पर चर्चा की मांग करते हुए कार्यस्थगन के नोटिस दिए थे।

बिरला ने विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच प्रश्नकाल शुरू कराया।

नारेबाजी के बीच नागर विमानन मंत्रालय से संबंधित कुछ पूरक प्रश्न पूछे गए।

लोकसभा अध्यक्ष ने विपक्षी सदस्यों से नारेबाजी बंद करने और सदन चलने देने की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘‘नियोजित तरीके से सदन में व्यवधान पैदा करना संसदीय परंपराओं के अनुरूप नहीं है।’’

बिरला ने यह भी कहा, ‘‘आपके सारे विषय सरकार ने संज्ञान में लिए हैं। यह विदेश नीति का मामला है। इस पर सरकार गंभीर है। आपसे आग्रह है कि सदन चलने दें। आप लोग हर रोज प्रश्नकाल में गतिरोध पैदा करके भारतीय मतदाताओं का अपमान कर रहे हैं।’’

हंगामा नहीं थमने पर उन्होंने सदन की कार्यवाही पूर्वाह्न करीब 11 बजकर 10 मिनट पर दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो पीठासीन सभापति दिलीप सैकिया ने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कराए। इस बीच विपक्षी दलों के सदस्य हंगामा करने लगे।

सैकिया ने शोर-शराबा कर रहे विपक्ष के सदस्यों से अपने स्थान पर बैठने और कार्यवाही चलने देने की अपील की।

हालांकि, नारेबाजी जारी रही और पीठासीन सभापति ने तीन मिनट के भीतर ही कार्यवाही को अपराह्न दो बजे तक स्थगित कर दिया।

उल्लेखलनीय है कि अमेरिका से 104 ‘‘अवैध’’ भारतीय प्रवासियों को लेकर एक अमेरिकी सैन्य विमान बुधवार को अमृतसर में उतरा। अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा वापस भेजा गया यह भारतीयों का पहला जत्था है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 06, 2025 02:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).