देश की खबरें | लोकसभा चुनाव: भाजपा-जद (एस) एकसाथ आ सकती हैं लेकिन कर्नाटक में कांग्रेस की संभावनाओं को दबा नहीं पाएंगी : खरगे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (सेक्युलर) 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए कर्नाटक में एकसाथ आ सकती हैं, लेकिन वे राज्य में कांग्रेस की संभावनाओं को दबा नहीं पाएंगी।

कलबुर्गी (कर्नाटक), नौ सितंबर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (सेक्युलर) 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए कर्नाटक में एकसाथ आ सकती हैं, लेकिन वे राज्य में कांग्रेस की संभावनाओं को दबा नहीं पाएंगी।

खरगे ने कहा, ‘‘मैंने समाचारपत्रों में पढ़ा है कि उन्होंने हाथ मिला लिया है। मैंने देवगौड़ा (जद (एस) प्रमुख) और नरेन्द्र मोदी (प्रधानमंत्री) की हाथ पकड़े हुए तस्वीरें भी देखी हैं। हो सकता है कि वे एकसाथ आने की कोशिश कर रहे हों, लेकिन उनका गठबंधन कैसे होगा, दोनों के बीच कितनी सीटों का बंटवारा होगा, यह अभी भी स्पष्ट नहीं है। हालांकि इस बात के पर्याप्त संकेत हैं कि दोनों एकसाथ आ सकते हैं।’’

इस सवाल पर कि क्या यह कांग्रेस को दबाने की योजना है, उन्होंने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ‘‘हमें कोई दबा नहीं सकता। हम शुरू से ही कर्नाटक में चुनाव का अपने दम पर सामना करने की कोशिश कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पूरे देश में भी, लगभग 26-28 पार्टियां (विपक्षी समूह ‘इंडिया’) चुनाव का सामना करने के लिए एकसाथ आई हैं, क्योंकि 60 फीसदी वोट विपक्षी दलों के पास हैं। यदि 60 फीसदी वोट एकसाथ आते हैं, तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ 40 फीसदी वोट होंगे। इसलिए, हमें उम्मीद है कि एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में हमें सफलता मिलेगी।’’

वरिष्ठ भाजपा नेता येदियुरप्पा ने शुक्रवार को कहा था कि लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा के नेतृत्व वाले जद (एस) के साथ समझौता करेगी, इस घोषणा से राज्य में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।

भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य येदियुरप्पा ने कहा था कि चुनावी सहमति के तहत, जद (एस) कर्नाटक में चार लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जहां कुल 28 निर्वाचन क्षेत्र हैं।

हालांकि, इससे पहले आज, जद (एस) नेता एच डी कुमारस्वामी ने कहा कि भाजपा और उनकी पार्टी के लोकसभा चुनाव एकसाथ लड़ने के बारे में चर्चा अभी भी प्रारंभिक चरण में है।

भाजपा ने कर्नाटक में 2019 के लोकसभा चुनाव में 25 सीटें जीती थी, जबकि उसके समर्थन वाली निर्दलीय उम्मीदवार (मांड्या से एस. अंबरीश) ने एक सीट पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस और जद(एस) ने एक-एक सीट जीती थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now