Lok Sabha Elections 2024: भाजपा ने 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में चुनाव प्रभारी और सहप्रभारी नियुक्त किये
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शनिवार को 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए चुनाव प्रभारी नियुक्त किये.
नयी दिल्ली, 27 जनवरी : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शनिवार को 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए चुनाव प्रभारी नियुक्त किये. पार्टी के एक बयान के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को बिहार का चुनाव प्रभारी बनाया गया है, जबकि भाजपा के राज्यसभा सदस्य और झारखंड इकाई के पूर्व अध्यक्ष दीपक प्रकाश सह-प्रभारी होंगे. तावड़े बिहार में भाजपा के राजनीतिक मामलों के प्रभारी हैं. भाजपा ने उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा को उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम को उत्तराखंड का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है. बयान में कहा गया है कि भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत बाजपेयी झारखंड के चुनाव प्रभारी होंगे.
इसमें कहा गया है कि आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने नियुक्तियां की हैं. भाजपा के राज्यसभा सदस्य और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को हरियाणा का चुनाव प्रभारी बनाया गया है, जबकि भाजपा नेता सुरेंद्र नागर सह प्रभारी होंगे. बिहार के पूर्व मंत्री और पश्चिम बंगाल में भाजपा के प्रभारी मंगल पांडे को राज्य का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है. भाजपा नेता अमित मालवीय और आशा लाकड़ा सह प्रभारी होंगे. नड्डा ने उत्तर प्रदेश के विधान परिषद सदस्य और राज्य के पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह को मध्य प्रदेश के लिए भाजपा का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है, जबकि सतीश उपाध्याय सह प्रभारी नियुक्त किये गये हैं. यह भी पढ़ें : राजस्थान में अवैध खनन को रोकने के लिए बड़े खनन क्षेत्रों का ड्रोन से होगा सर्वे : अधिकारी
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब के भाजपा प्रभारी विजय रूपाणी को राज्य का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि भाजपा के राष्ट्रीय सचिव नरिंदर सिंह को राज्य में चुनाव के लिए सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है. भाजपा ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री श्रीकांत शर्मा को हिमाचल प्रदेश का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है, जबकि संजय टंडन सह प्रभारी होंगे.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 27, 2024 04:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

