ताजा खबरें | लोकसभा चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है: प्रधानमंत्री मोदी
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि लोकसभा चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है जिसमें जनता का एक-एक वोट भारत के भाग्य को सुनिश्चित करेगा।
अमरोहा (उप्र), 19 अप्रैल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि लोकसभा चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है जिसमें जनता का एक-एक वोट भारत के भाग्य को सुनिश्चित करेगा।
प्रधानमंत्री ने अमरोहा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी कंवर सिंह तंवर के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा गांव, गरीब के लिए बड़े दृष्टिकोण और बड़े लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ रही है लेकिन विपक्षी गुट ‘इंडिया’ के लोगों की सारी शक्ति गांव, देहात को पिछड़ा बनाने में लगती है।
उन्होंने कहा कि इस मानसिकता का सबसे बड़ा नुकसान अमरोहा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश जैसे क्षेत्रों को उठाना पड़ा है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने अमरोहा के रहने वाले क्रिकेट खिलाड़ी मोहम्मद शमी की तारीफ की।
उन्होंने कहा, ‘‘ क्रिकेट वर्ल्ड कप में भाई मोहम्मद शमी ने जो कमाल किया वो पूरी दुनिया ने देखा है। खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए केंद्र सरकार ने उन्हें अर्जुन पुरस्कार दिया है और योगी सरकार यहां के युवाओं के लिए स्टेडियम भी बनवा रही है।’’
उन्होंने कहा,‘‘ अमरोहा की एक ही थाप है- कमल छाप! और अमरोहा का एक ही स्वर है - फिर एक बार मोदी सरकार।’’
लोकसभा चुनाव के पहले चरण पर मोदी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ‘‘मेरा सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि संविधान से मिले इस अधिकार का उपयोग जरूर करें। विशेषकर मैं अपने युवाओं से आग्रह करूंगा, जो पहली बार वोट डालने जा रहे हैं कि वे ऐसा मौका जाने न दें, अवश्य वोट करें।’’
मोदी ने कहा कि अमरोहा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश का ये क्षेत्र अपने मेहनती किसानों के लिए भी जाना जाता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा सरकारों में यहां के किसानों की समस्याओं को न सुना जाता था और न देखा जाता था और न ही उनकी परवाह की जाती थी लेकिन भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं को कम करने के लिए दिन रात काम कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 19, 2024 11:28 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

