ताजा खबरें | कुश्ती में रजत पदक जीतने पर लोकसभा ने पहलवान रवि दहिया को बधाई दी

नयी दिल्ली, छह अगस्त लोकसभा में शुक्रवार को तोक्यो ओलंपिक में पुरुषों के 57 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक जीतने वाले पहलवान रवि कुमार दहिया को बधाई दी गई।

आज सुबह कार्यवाही शुरू होने पर अध्यक्ष ने सदन को तोक्यो ओलंपिक में पहलवान रवि कुमार दहिया द्वारा कुश्ती में पुरुषों के 57 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक जीतने की जानकारी दी ।

उन्होंने कहा कि रवि कुमार दहिया ने तोक्यो ओलंपिक में कुश्ती में रजत पदक जीता है । दहिया ने अपने पहले ही ओलंपिक खेल में पदक हासिल किया है।

बिरला ने कहा कि इस उपलब्धि पर देश को उन पर गर्व है।

उन्होंने कहा, ‘‘ उनकी सफलता देश के युवाओं को प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने को प्रेरित करेगी।’’

गौरतलब है कि दहिया को कुश्ती में पुरुषों के 57 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक मिला है। इस स्पर्धा में वह रूसी ओलंपिक समिति के मौजूदा विश्व चैंपियन जावुर युगुएव से 4-7 से हार गये जिससे उनकी देश का सबसे युवा ओलंपिक चैंपियन बनने की उम्मीद पूरी नहीं हो सकी। 23 वर्षीय दहिया कुश्ती में ओलंपिक रजत पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय पहलवान बन गये हैं और यह भारत का कुश्ती में कुल छठा पदक है।

दीपक मनीषा

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)