ताजा खबरें | लोकसभा ने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. लोकसभा ने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सोमवार को बधाई दी और इस खेल प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी भारतीय खिलाड़ियों को आगे के लिए शुभकामनाएं दीं।
नयी दिल्ली, एक अगस्त लोकसभा ने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सोमवार को बधाई दी और इस खेल प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी भारतीय खिलाड़ियों को आगे के लिए शुभकामनाएं दीं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही आरंभ होने के साथ ही भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन का उल्लेख किया।
उन्होंने सदन से कहा, ‘‘आपको यह सूचित करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने अब तक तीन स्वर्ण पदक, दो रजत पदक और एक कांस्य पदक जीते हैं। मैं अपनी और सदन की ओर से पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देता हूं और प्रतियोगिता में आगे के लिए भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देता हूं।’’
बिरला ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि भारतीय खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन देश के युवाओं विशेषकर युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा।’’
इसके बाद पूरे सदन ने मेजें थपथपाकर भारतीय खिलाड़ियों की सराहना की।
अचिंता शेउली ने राष्ट्रमंडल खेलों की भारोत्तोलन स्पर्धा में भारत का स्वर्णिम अभियान जारी रखते हुए सोमवार को पुरूषों के 73 किलो वर्ग में नये रिकॉर्ड के साथ बाजी मारकर देश को तीसरा स्वर्ण पदक दिलाया।
इससे पहले तोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू और जेरेमी लालरिननुंगा ने भारत को भारोत्तोलन में स्वर्ण दिलाये थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)