एजेंसी न्यूज

लॉकडाउन : राजस्थान से वापस आए तीन मजदूरों को ट्रक ने कुचला

भैरोंगढ़ पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक जयशी राम बर्डे ने बताया कि 12 मजदूरों का एक समूह बसों द्वारा जैसलमेर राजस्थान से वापस उज्जैन लौटा था। ये मजदूर उज्जैन से अपने गांव मोहनपुरा एक अन्य वाहन से जा रहे थे लेकिन मोहनपुरा से 20-25 किलोमीटर दूर इन्होंने रात में सड़क किनारे सोने का फैसला किया।

लॉकडाउन : राजस्थान से वापस आए तीन मजदूरों को ट्रक ने कुचला
जमात

उज्जैन, 29 अप्रैल मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में उन्हेल-मोहनपुरा मार्ग पर बुधवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे सो रहे एक महिला सहित तीन मजदूरों को कुचल दिया। लॉकडाउन से बेरोजगार हुए ये मजदूर सरकार द्वारा बसों से जैसलमेर (राजस्थान) से उज्जैन लाए गए थे और यहां से दूसरे वाहन से अपने गांव मोहनपुरा की ओर जा रहे थे।

भैरोंगढ़ पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक जयशी राम बर्डे ने बताया कि 12 मजदूरों का एक समूह बसों द्वारा जैसलमेर राजस्थान से वापस उज्जैन लौटा था। ये मजदूर उज्जैन से अपने गांव मोहनपुरा एक अन्य वाहन से जा रहे थे लेकिन मोहनपुरा से 20-25 किलोमीटर दूर इन्होंने रात में सड़क किनारे सोने का फैसला किया।

उन्होंने बताया कि ट्रक की चपेट में आए मृतक तीनों मजदूर सड़क किनारे सो रहे थे जबकि नौ अन्य मजदूर सड़क से थोड़ा दूर सो रहे थे जिससे उनकी जान बच गयी।

बर्डे ने बताया कि बुधवार तड़के तीन बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे सो रहे इन तीनों मजदूरों को कुचल दिया जिससे इनकी मौत हो गयी।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान विक्रम (55), बद्री बंजारा (35) और धूलीबाई (55) के रूप में हुई है। तीनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिए गए हैं।

बर्डे ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक घटना के बाद ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ भादंवि धारा 304 ए (लापरवाही से मौत) का मामला दर्ज किया है।

उज्जैन कलेक्टर ने बताया कि प्रदेश सरकार ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2020 09:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).