लॉकडाउन तीन: कई विनिर्माण कंपनियों ने शुरू किया काम, खुदरा कारोबारियों को हुई दिक्कत
हालांकि, खुदरा कारोबारियों का मिलाजुला अनुभव रहा और कई दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा और स्थानीय अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद उन्हें दुकान बंद करनी पड़ी।
नयी दिल्ली, चार मई ऑटो, कपड़ा, पेय, रसायन और उर्वरक सहित कई विनिर्माण कंपनियों ने सोमवार से शुरू हुए लॉकडाउन के तीसरे चरण में संबंधित राज्य सरकारों से अनुमति मिलने के बाद विनिर्माण गतिविधियों को फिर से शुरू कर दिया है।
हालांकि, खुदरा कारोबारियों का मिलाजुला अनुभव रहा और कई दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा और स्थानीय अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद उन्हें दुकान बंद करनी पड़ी।
व्यापारियों के संगठन सीएआईटी ने दावा किया कि विभिन्न राज्यों में उसके जो सदस्य अनुमति प्राप्त श्रेणी में हैं, उनमें से सिर्फ 20 प्रतिशत दुकानदार दुकान खोल सके। संगठन ने कहा कि ‘पड़ोस की दुकान’ और ‘एकल दुकान’ पर भ्रम की स्थिति होने के चलते वे दुकानें नहीं खोल सके।
विनिर्माताओं ने शेयर बाजारों को बताया कि सरकार और स्थानीय अधिकारियों द्वारा बताई गई सुरक्षा सावधानियों का पालन करते हुए उन्होंने अपने संयंत्रों को आंशिक रूप से फिर शुरू कर दिया है और वे अन्य इकाइयों के लिए मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हाल में अधिसूचना जारी कर लाल, नारंगी और हरे क्षेत्रों में कुछ शर्तों के साथ विनिर्माण कार्यों को फिर शुरू करने की अनुमति दी थी।
वाणिज्यिक वाहन निर्माता एसएमएल इसुजु ने बताया कि उसे पंजाब सरकार से शहीद भगत सिंह नगर में स्थित विनिर्माण संयंत्र को शुरू करने की अनुमति मिल गई है।
राजस्थान स्थित चंबल ब्रुअरीज एंड डिस्टिलरीज ने भी शेयर बाजारों को परिचालन फिर से शुरू करने की जानकारी दी।
ऑटोमोटिव और औद्योगिक ल्यूब्रिकेंट बनाने वाली कंपनी कैस्ट्रॉल इंडिया ने दादरा और नगर हवेली के सिलवासा में अपने संयंत्र में परिचालन शुरू कर दिया है।
हार्डवेयर विनिर्माता सेरेबरा इंटीग्रेटेड टेक्नोलॉजीज ने कहा कि कंपनी ने स्थानीय अधिकारियों से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद अपना विनिर्माण कार्य फिर से शुरू कर दिया है।
कंपनी ने कहा कि उसने बेंगलुरु में पीन्या औद्योगिक क्षेत्र और कोलार जिले में नरसापुरा केआईएडीबी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अपने संयंत्रों में विनिर्माण फिर से शुरू कर दिया है और उत्पादन में क्रमिक रूप से बढ़ोतरी होगी।
पुणे स्थित इंजीनियरिंग कंपनी प्राज इंडस्ट्रीज ने भी कुछ क्षेत्रों में परिचालन फिर से शुरू कर दिया है। इसके अलावा विभिन्न राज्यों में कई अन्य कंपनियों ने भी विनिर्माण गतिविधियां फिर शुरू करने की जानकारी दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 09:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

