लॉकडाउन: दो व्यक्तियों को सड़क पर लोटने की सजा देने वाला पुलिसकर्मी निलंबित
हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के चामड़ी फाटक इलाके में हुई कथित घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किये गये जिसके बाद पुलिस की बर्बरता की कड़ी आलोचना की जा रही है।
हापुड़ (उत्तर प्रदेश), 19 मई उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में लॉकडाउन के दौरान बिना मास्क पहने घर से निकलने वाले दो व्यक्तियों को रेलवे क्रॉसिंग के पास, सड़क पर लोटने की कथित सजा देने वाले पुलिसकर्मी को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया। हापुड़ पुलिस ने बताया कि इस घटना में शामिल एक होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई है।
हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के चामड़ी फाटक इलाके में हुई कथित घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किये गये जिसके बाद पुलिस की बर्बरता की कड़ी आलोचना की जा रही है।
एक वीडियो में दोनों व्यक्ति चिलचिलाती धूप में रेलवे पटरियों से कुछ ही दूर सड़क पर लुढ़कते (लोटते) हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने फेस मास्क नहीं पहने हैं।
होमगार्ड ने उन्हें अपने डंडे से, सड़क के एक तरफ से दूसरी तरफ लुढ़कने का इशारा किया और रुक जाने पर पीछे से उनमें से एक व्यक्ति पर प्रहार किया। पुलिसकर्मी कुछ दूरी पर खड़े होकर यह सब देख रहा है।
यह सब होने के दौरान एक ट्रेन गुजरती है।
हापुड़ पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘ पुलिसकर्मी को दोषी पाया गया है और पुलिस अधीक्षक, हापुड़ द्वारा उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला कमांडेंट को एक रिपोर्ट पेश की गई है, जिसमें दोषी होमगार्ड के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की सिफारिश की गई है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)