लॉकडाउन: अमेजन इंडिया ने एसएमई साझेदारों की वित्तीय मदद के लिये पेश किया विशेष कोष
कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘लॉजिस्टिक्स के छोटे व मध्यम व्यवसायों (एसएमई) के लिये तैयार यह कोष भारत में साझेदार डिलिवरी तथा लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाताओं के लिये उपलब्ध होगा। इससे उन्हें लॉकडाउन के कारण उत्पन्न नयी परिस्थितियों के हिसाब से ढलने में मदद मिलेगी।’’
नयी दिल्ली, 29 अप्रैल ई-वाणिज्य कंपनी अमेजन इंडिया ने लॉकडाउन से प्रभावित साझेदार डिलिवरी तथा लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाताओं की मदद के लिये विशेष कोष ‘पार्टनर सपोर्ट फंड’ तैयार किया है। कंपनी ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। इस कोष के तहत अप्रैल माह के लिये वित्तीय मदद भी मुहैया करायी जाएगी।
कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘लॉजिस्टिक्स के छोटे व मध्यम व्यवसायों (एसएमई) के लिये तैयार यह कोष भारत में साझेदार डिलिवरी तथा लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाताओं के लिये उपलब्ध होगा। इससे उन्हें लॉकडाउन के कारण उत्पन्न नयी परिस्थितियों के हिसाब से ढलने में मदद मिलेगी।’’
कंपनी ने कहा कि एक बार मदद के लिये उपलब्ध इस कोष से साझेदारों की विभिन्न तरीके से मदद होगी। इन तरीकों में अप्रैल माह के लिये उन्हें अपने करीब 40,000 कर्मचारियों को वेतन देने के लिये वित्तीय मदद देना भी शामिल है।
इसके अलावा यह कोष इन छोटे व्यवसायों के लिये बुनियादी संरचना संबंधी गंभीर जरूरतों तथा नकदी की उपलब्धता एवं उसका प्रवाह बनाये रखने में सहयोग के लिये भी उपलब्ध होगा। इससे उन्हें लॉकडाउन के बाद अपने व्यवसाय को पुनः पहले के स्तर पर लाने में मदद मिलेगी।
अमेजन के उपभोक्ता पूर्ति परिचालन के उपाध्यक्ष (एपीएसी, एमईएनए और एलएटीएएम) अखिल सक्सेना ने कहा, ‘‘अमेजन ग्राहकों को उनके घर पर जरूरी सामग्री का वितरण कर भारत को सुरक्षित रखने के लिये प्रतिबद्ध है। हम पार्टनर्स को व्यवसाय में आने वाली अनापेक्षित रुकावटों का सामना करने में भी मदद कर रहे हैं। यह एक बार की सहायता उपलब्ध कराने वाला विशेष कोष हमारे सहयोगियों को अपने साथ जुड़े 40,000 लोगों की वित्तीय मुश्किलें आसान करने में सक्षम बनायेगा। यह लॉकडाउन के बाद हमारे सहयोगियों को कारोबार नये सिरे से खड़ा करने में भी मददगार होगा।’’
कंपनी इस कोष की घोषणा से पहले 2.5 करोड़ डॉलर के वैश्विक अमेजन राहत कोष को भी भारत में उपलब्ध कराने की शुरुआत कर चुकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2020 07:19 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

