एजेंसी न्यूज

लॉकडाउन 4.0: सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ी, दिल्ली से लगी सीमा पर जाम देखने को मिला

मंगलवार सुबह नोएडा की सीमा पर पुलिस वाहन चालकों से पास मांग रही थी, जिसके कारण वहां जाम देखने को मिला।

लॉकडाउन 4.0: सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ी, दिल्ली से लगी सीमा पर जाम देखने को मिला
जमात

नयी दिल्ली, 19 मई लॉकडाउन के चौथे चरण में लोगों को आवाजाही की अनुमति मिलने के बाद सड़कों पर वाहनों की संख्या में वृद्धि देखने को मिली। इसके साथ ही कुछ स्थानों, विशेषकर शहर की सीमाओं पर भारी यातायात भी देखने को मिला।

मंगलवार सुबह नोएडा की सीमा पर पुलिस वाहन चालकों से पास मांग रही थी, जिसके कारण वहां जाम देखने को मिला।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट कर नोएडा जाने वाले यात्रियों को चेतावनी दी कि यदि उनके पास संबंधित अधिकारियों द्वारा जारी किए गए आवाजाही पास हों तभी वे यात्रा करें।

उन्होंने ट्वीट किया, "उत्तर प्रदेश पुलिस केवल नोएडा के डीएम द्वारा जारी आवाजाही पास के साथ ही प्रवेश की अनुमति दे रही है। इस बात को ध्यान में रखते हुए कालिंदी कुंज बैराज फ्लाईओवर और डीएनडी फ्लाईओवर से होकर दिल्ली से नोएडा जाने वाले लोग अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं।"

उत्तर प्रदेश पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मंगलवार सुबह को दिल्ली-नोएडा सीमा पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।

उन्होंने कहा, "हम हर वाहन की जांच कर रहे हैं, लेकिन कभी-कभी वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण यह बहुत मुश्किल हो जाता है। वैध पास वाले लोगों को अनुमति दी जा रही है।"

उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई पास नहीं रखे है और दवा जैसा कुछ महत्वपूर्ण सामान ले जा रहा है, तो उन्हें भी अनुमति दी जा रही है।

अधिकारी ने कहा कि कुछ ऐसे लोग भी मिले जो केवल इलाके में घूमने निकले थे। उन्हें चेतावनी देकर वापस भेज दिया गया।

नोएडा सीमा पर तैनात दिल्ली यातायात पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक ज्यादातर वाहन सुबह दिल्ली से नोएडा जा रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 19, 2020 03:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).