World Chess Championship 2024: चीन के डिंग लिरेन ने भारतीय चैलेंजर डी गुकेश को हराकर विश्व शतरंज चैंपियनशिप में की वापसी
भारतीय चैलेंजर डी गुकेश विश्व शतरंज चैंपियनशिप की 12वीं बाजी में सोमवार को यहां गत चैंपियन चीन के डिंग लिरेन से हार गये जिससे दोनों का स्कोर छह-छह अंक के साथ बराबर हो गया
सिंगापुर, नौ दिसंबर भारतीय चैलेंजर डी गुकेश विश्व शतरंज चैंपियनशिप की 12वीं बाजी में सोमवार को यहां गत चैंपियन चीन के डिंग लिरेन से हार गये जिससे दोनों का स्कोर छह-छह अंक के साथ बराबर हो गया. लगातार सात ड्रॉ मुकाबलों के बाद 18 साल के गुकेश ने रविवार को 11वीं बाजी में जीत के साथ चीन के खिलाड़ी पर एक अंक की बढ़त कायम की थी लेकिन 32 साल के लिरेन ने अगली ही बाजी में मुकाबला बराबर कर दिया. ‘क्लासिकल’ प्रारूप के 14 में से 12 बाजियों के बाद दोनों खिलाड़ी खिताब से 1.5 अंक दूर है. यह भी पढ़ें: भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने डिंग लिरेन को हराकर विश्व चैंपियन बनने की तरफ बढ़ाए मजबूत कदम
चौदह बाजियों के बाद भी अगर परिणाम बराबरी (सात-सात अंक) पर रहा तो विजेता का फैसला ‘फास्टर टाइम कंट्रोल’ से होगा. लिरेन ने इस मैच की शुरुआती बाजी को अपने नाम किया था जबकि गुकेश तीसरी बाजी के विजेता बने थे। इसके आठ मुकाबले बराबरी पर छूटे हैं.
लिरेन की जीत के साथ ही यह तय हो गया कि विश्व चैम्पियनशिप के विजेता का फैसला 14वें दौर में या उसके बाद होगा. सफेद मोहरों से यह लिरेन की पहली जीत है. इस मुकाबले के लिए गुकेश की तैयारी पिछले 11 मैचों की तरह अच्छी नहीं दिखी.
चीन के खिलाड़ी ने इंग्लिश ओपनिंग (वजीर के आगे वाले प्यादे को दो घर चलना) का सहारा लिया और गुकेश ने ऐसी ही चाल (बेनोनी डिफेंस) से इसका जवाब दिया. इस मुकाबले में 15 चाल तक दोनों खिलाड़ी बराबरी पर थे लेकिन इसके बाद गुकेश की स्थिति कमजोर होने लगी. लिरेन कम समय के बावजूद गुकेश पर दबदबा बनाने में सफल रहे.
लिरेन ने अपने रूक (हाथी) की बलि देकर शानदार रणनीतिक खेल का कौशल दिखाते हुए गुकेश को चकमा दिया जिससे भारतीय खिलाड़ी को 39 चालों के बाद हार माननी पड़ी. गुकेश के लिए बुधवार की बाजी काफी अहम होगी क्योंकि यह सफेद मोहरों से क्लासिकल प्रारूप की उनकी आखिरी बाजी होगी। 14वीं बाजी में लिरेन सफेद मोहरों से बेहतर स्थिति में होंगे. लिरेन ने पिछली विश्व चैम्पियनशिप में भी रूस के इयान नेपोम्नियाचची से तीन बार पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की थी.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 09, 2024 07:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

