एजेंसी न्यूज

शराब और अन्य कई दुकानें खुलीं, शराब दुकानों के सामने लंबी कतारें

हांलकि सभी जगहों पर शॉपिंग मॉल और संक्रमित क्षेत्रों में दुकानें बंद हैं। संक्रमित क्षेत्रों में पूरी तरह से लॉकडाउन का पालन किया जा रहा है।

शराब और अन्य कई दुकानें खुलीं, शराब दुकानों के सामने लंबी कतारें
जमात

रायपुर, चार मई केंद्र सरकार के दिशानिर्देश के बाद कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए जारी लॉकडाउन के तीसरे चरण के दौरान छत्तीसगढ़ में शराब की दुकानों समेत कई दुकानें खोल दी गई हैं।

हांलकि सभी जगहों पर शॉपिंग मॉल और संक्रमित क्षेत्रों में दुकानें बंद हैं। संक्रमित क्षेत्रों में पूरी तरह से लॉकडाउन का पालन किया जा रहा है।

राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने सोमवार को यहां बताया कि केंद्र सरकार के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए राज्य में शराब की दुकानें तथा अन्य दुकानें खोल दी गई हैं।

राज्य के कई हिस्सों में शराब की दुकान के सामने लंबी कतारें देखी गई हैं।

राज्य सरकार ने राज्य में शराब की दुकानों को सुबह आठ बजे से शाम सात बजे तक खुला रखने की अनुमति दी है। वहीं दुकानों पर भीड़ को कम करने के लिए कुछ स्थानों पर शराब घर पहुंचाने की सेवा उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य के कुछ जगहों पर शराब दुकानें खोलने का समय सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक तय किया गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि राजधानी रायपुर में देशी और विदेशी मदिरा की 70 दुकानों में से 44 दुकानों को आज खोला गया। दुकानों की सुरक्षा और ग्राहकों को एकदूसरे से दूरी बनाये रखने के नियम का पालन कराने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षा बल के जवानों को तैनात किया गया है। दुकानों के संचालन के दौरान कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए दिशानिर्देशों का पालन किया जा रहा है।

अधिकारियों ने कहा कि लॉकडाउन के लंबे अंतराल के बाद शराब दुकानें खोली गई हैं। यहां शुरू में भीड़ हो सकती है। आबकारी विभाग आनलाइन बुकिंग के बाद शराब घर पहुंचाने की सेवा मुहैया कराएगा। इसके लिए प्लेसमेंट ऐजेसियों के माध्यम से शराब पहुंचाने वाले लड़कों की नियुक्ति की जा रही है।

राज्य में 23 मार्च से शराब दुकानें बंद थीं। आज शराब दुकानों के खुलने से पहले ही सुबह से लोगों की भीड़ दुकानों के सामने जमा थी। हांलकि लोगों को दुकानों के बाहर बने गोलों में खड़े होते हुए देखा गया। गोलों को छह फीट की दूरी पर बनाया गया है।

हांलकि कुछ स्थानों पर शराब खरीदने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और उन्होंने एकदूसरे से दूरी बनाये रखने जैसे निर्देशों की अनदेखी कर दी।

राज्य सरकार के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में जहां कोरोना वायरस का अधिक संक्रमण है, वहां शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मॉल, और शराब की दुकानें बंद रहेंगी।

छत्तीसगढ़ में अब तक कोरोनो वायरस के 57 मामले सामाने आए हैं। जिनमें से 36 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। वहीं 21 लोगों का इलाज किया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 04:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).