देश की खबरें | तेलंगाना की तरह ओडिशा में भी कांग्रेस जीतेगी विधानसभा चुनाव : विधायक राउतरे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. वरिष्ठ कांग्रेस विधायक सुरेश राउतरे ने रविवार को दावा किया कि जिस तरह उनकी पार्टी तेलंगाना में जीती है, उसी तरह वह ओडिशा के विधानसभा चुनाव में भी जीतेगी।

भुवनेश्वर, तीन दिसंबर वरिष्ठ कांग्रेस विधायक सुरेश राउतरे ने रविवार को दावा किया कि जिस तरह उनकी पार्टी तेलंगाना में जीती है, उसी तरह वह ओडिशा के विधानसभा चुनाव में भी जीतेगी।

कांग्रेस के छह बार के विधायक ने कहा कि पार्टी इस महीने के के आखिर तक भुवनेश्वर में एक विशाल जनसभा करेगी जिसमें राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी जैसे पार्टी नेता पहुंचेंगे।

उन्होंने दावा किया, ‘‘राजस्थान में दो वरिष्ठ नेताओं के बीच खींचतान ने जमीनी स्तर पर नकारात्मक संदेश भेजा और पार्टी वहां हार गयी। मध्यप्रदेश में भाजपा धनबल का इस्तेमाल कर चुनाव जीत गयी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन पार्टी ने तेलंगाना में निर्णायक बढ़त दर्ज की और 2024 में ओडिशा में भी इसे दोहराया जाएगा।’’

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ओडिशा में विधानसभा चुनाव कांग्रेस और सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के बीच होगा।

कांग्रेस नेता ने कहा कि दिसंबर के अंत में होने वाली इस विशाल सभा में किसानों, महिलाओं और आदिवासियों समेत दो लाख से अधिक लोगों का समागम नजर आयेगा।

इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में राजस्थान, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में पार्टी के अच्छे प्रदर्शन का जश्न मनाया।

भाजपा मध्यप्रदेश, राजस्थान एवं छत्तीसगढ़ में सत्ता की ओर अग्रसर है। तेलंगाना में कांग्रेस आगे चल रही है और वह भारत राष्ट्र समिति को सत्ता से बाहर कर सकती है। कुछ ही महीने बाद लोकसभा चुनाव भी होने हैं।

ओडिशा में विधानसभा चुनाव आम तौर पर लोकसभा चुनाव के साथ ही होते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\