देश की खबरें | राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को गरज और तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 14 जून राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को गरज और तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
आईएमडी ने बताया कि शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 1.3 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 1.6 डिग्री अधिक है।
आईएमडी ने शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान किया है। शाम 5.30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 56 प्रतिशत दर्ज की गई।
वहीं, हरियाणा में सिरसा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां शनिवार को दिन का तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा और इसके पड़ोसी राज्य पंजाब के अधिकांश स्थानों पर गर्म मौसम की स्थिति बनी हुई है। राज्य के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित सिरसा पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में है।
स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के अन्य स्थानों में हिसार में 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। रोहतक में 44.3 डिग्री, नारनौल में 42.3 डिग्री, गुरुग्राम में 41 डिग्री और अंबाला में 42.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, करनाल में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ भीषण गर्मी रही।
पंजाब में बठिंडा सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फरीदकोट में भी भीषण गर्मी रही, जहां तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया। अमृतसर में अधिकतम तापमान 41.2, लुधियाना में 41.8, पटियाला में 42.6 और पठानकोट में 41.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि गुरदासपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार शाम छह बजे दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘‘मध्यम’’ श्रेणी में दर्ज की गई, जिसमें वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 166 रहा।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच को 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच को 'मध्यम', 201 से 300 के बीच को 'खराब', 301 से 400 के बीच को 'बेहद खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 14, 2025 08:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

