खेल की खबरें | एसजेएएम में रवि शास्त्री समेत 11 खिलाड़ियों को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारत के पूर्व क्रिकेटर और मुख्य कोच रवि शास्त्री समेत 11 खिलाड़ियों को मुंबई खेल पत्रकार संघ (एसजेएएम) ने लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया ।
मुंबई, दो जुलाई भारत के पूर्व क्रिकेटर और मुख्य कोच रवि शास्त्री समेत 11 खिलाड़ियों को मुंबई खेल पत्रकार संघ (एसजेएएम) ने लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया ।
पुरस्कार पाने वालों में भारत की पूर्व महिला क्रिकेटर शुभांगी कुलकर्णी, तीन बार के अमैच्योर विश्व बिलियडर्स चैम्पियन माइकल फरेरा, नीरज बजाज (टेबल टेनिस), ग्रैंड मास्टर प्रवीण थिप्से (शतरंज) , निशानेबाज अंजलि भागवत, सुमा शिरूर और दीपाली देशपांडे शामिल हैं ।
हॉकी ओलंपियन मर्विन फर्नांडिस और जोकिम कार्वाल्हो और पूर्व राष्ट्रीय बैडमिंटन चैम्पियन संजय शर्मा को भी सम्मानित किया गया ।
शास्त्री यहां समारोह में नहीं आ सके लेकिन उनकी मां लक्ष्मी ने उनके खेलने के दिनों की यादें ताजा की । उन्होंने घरेलू मैच में एक ओवर में छह छक्के लगाने के उनके रिकॉर्ड का भी जिक्र किया । शास्त्री ने रणजी ट्रॉफी 1984 . 85 सत्र में बड़ौदा के खिलाफ छह गेंद में छह छक्के लगाये थे ।
शास्त्री की मां ने कहा ,‘‘ रवि ने हमें कई सुनहरी यादें दी है । इनमें एक ओवर में छह छक्के लगाना शामिल है । मुझे पता ही नहीं था कि वह वानखेड़े स्टेडियम में यह कमाल कर रहा है । मेरे भेलपुरी वाले ने मुझे बताया जो वहां था ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ जब रवि घर आया तो उसे तुरंत कहीं जाना था । मैने पूछा कि आज क्या हुआ तो वह बोला कि आपको जानना है कि मैने क्या किया तो सात बजे आल इंडिया रेडियो पर सुन लेना । मैने अपने पति से कहा कि घर जल्दी आना ।’’
लक्ष्मी ने कहा ,‘‘ मैने रेडियो सुना जिस पर कहा कि उसने सोबर्स (गैरी) का रिकॉर्ड तोड़ा है । अगले दिन मरीन ड्राइव पर बैनर पर यही लिखा था ।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2025 09:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

