लॉकडाउन के चौथे चरण में जम्मू संभाग में पटरी पर लौट रहा जीवन

जम्मू कश्मीर प्रशासन ने ग्रीन और ऑरेंज जोन में बैंक, निजी अस्पताल, शराब की दुकानों और रेस्तरां के अलावा बाजार, निजी कार्यालय खोलने और सीमित मात्रा में वाहनों की आवाजाही को अनुमति दी है।

जमात

जम्मू, 20 मई जम्मू संभाग में लगभग दो महीने बाद बुधवार को कुछ पाबंदियों के बीच विभिन्न ग्रीन और ऑरेंज जोन में ज्यादातर दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुलने के बाद जन-जीवन पटरी पर लौटता नजर आया।

जम्मू कश्मीर प्रशासन ने ग्रीन और ऑरेंज जोन में बैंक, निजी अस्पताल, शराब की दुकानों और रेस्तरां के अलावा बाजार, निजी कार्यालय खोलने और सीमित मात्रा में वाहनों की आवाजाही को अनुमति दी है।

लॉकडाउन में ढील दिए जाने के बाद 20 जिलों का पुनः वर्गीकरण किया गया।

कश्मीर में श्रीनगर समेत आठ जिलों और जम्मू में कठुआ, सांबा और रामबन जिले को रेड जोन घोषित किया गया है।

जम्मू संभाग के चार जिलों- डोडा, किश्तवाड़, पुंछ और राजौरी को ग्रीन जोन घोषित किया गया है।

कश्मीर के बांदीपोरा और गांदरबल और जम्मू के रियासी, उधमपुर और जम्मू जिले को ऑरेंज जोन घोषित किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि ग्रीन और ऑरेंज जोन वाले जिलों में ज्यादातर दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुल गए हैं और लोग सामाजिक दूरी का ध्यान रखते दिखाई पड़ रहे हैं।

मुख्य सचिव बी वी आर सुब्रमण्यम द्वारा जारी अलग-अलग आदेशों में प्रशासन ने ग्रीन और ऑरेंज जोन में अतिरिक्त ढील दिए जाने की घोषणा की और कहा कि रेड जोन घोषित किए गए जिलों में प्रतिबंध लागू रहेंगे।

आदेश में कहा गया कि जम्मू कश्मीर में हवाई सेवा (आपात स्थिति को छोड़कर), ट्रेन, अंतर-राज्यीय और अंतर-जिला बस सेवाएं प्रतिबंधित रहेंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

Share Now

\