ओडिशा में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, अभी और वर्षा का अनुमान
ओडिशा में लगातार हो रही बारिश से मंगलवार को कई हिस्सों में सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा और मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में और वर्षा की संभावना जताई है.
भुवनेश्वर, 20 सितंबर: ओडिशा में लगातार हो रही बारिश से मंगलवार को कई हिस्सों में सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा और मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में और वर्षा की संभावना जताई है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों पर सक्रिय है, जिसमें संबंधित चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किलोमीटर तक फैला हुआ है. Weather Update: अगले दो दिन में मानसून के वापस लौटने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी: IMD.
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से मानसून सक्रिय हो गया है, जिसके परिणामस्वरूप पूरे ओडिशा में 6.9 मिमी के सामान्य बारिश के मुकाबले 22.7 मिमी की औसत वर्षा हुई है, जो 228 प्रतिशत अधिक है.
इस निम्न दबाव के क्षेत्र के उत्तर-पश्चिम दिशा में पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों की ओर बढ़ने तथा पूरे ओडिशा में भारी बारिश होने की संभावना है. यहां के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कुछ जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग ने कहा कि निम्न दबाव के कारण बीते 24 घंटे में कंधमाल और गंजम जिले में अधिकतम बारिश हुई जबकि कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई है. कंधमाल जिले में 58.7 मिमी की औसत वर्षा हुई, जो मानसून के दौरान दैनिक सामान्य वर्षा 6.8 मिमी से 736 प्रतिशत अधिक है.
कंधमाल जिले से प्राप्त एक रिपोर्ट में कहा गया है कि लगातार बारिश से बालीगुडा में एक पुलिया बह गई और इलाके में सड़क संचार ठप हो गया. आईएमडी ने कहा कि सबसे अधिक 302 मिमी बारिश बालीगुडा में दर्ज की गई. गंजम के धाराकोट में 121 मिमी, सेरागड़ा में 120 मिमी और पुरुषोत्तमपुर में 102.2 मिमी बारिश दर्ज की गयी.
कोरापुट जिले के लमतापुट में 95.4 मिमी और कंधमाल के नुआगांव में 90.2 मिमी बारिश हुई.
कंधमाल के फिरिंगिया और कोटाग्राह में क्रमश: 89.2 मिमी और 87 मिमी बारिश हुई जबकि नवरंगपुर के पापदहांडी में 85 मिमी बारिश हुई.
आईएमडी ने कहा कि संबलपुर, सोनपुर, बौध, बोलांगीर, अंगुल, देवगढ़, बारगढ़, सुंदरगढ़ और झारसुगुड़ा जिले में एक या दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है और इन क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग ने नुआपाड़ा, कालाहांडी, कंधमाल, नयागढ़, कटक, ढेंकनाल, क्योंझर और मयूरभंज जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 20, 2022 06:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

