देश की खबरें | लीबिया स्थित भारतीय दूतावास ने बेनगाजी से 18 भारतीय नागरिकों की वापसी में मदद की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लीबिया में भारतीय दूतावास ने वहां कई हफ्तों से फंसे 18 भारतीय नागरिकों की वापसी की सुविधा प्रदान की है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, चार फरवरी लीबिया में भारतीय दूतावास ने वहां कई हफ्तों से फंसे 18 भारतीय नागरिकों की वापसी की सुविधा प्रदान की है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पता चला है कि भारतीय नागरिकों से फर्जी भर्ती एजेंट ने धोखाधड़ी की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लीबिया में भारतीय दूतावास ने बेनगाजी, लीबिया से 18 भारतीय नागरिकों की वापसी में मदद की। वे कल भारत पहुंचेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वे लीबिया में काम करने गए थे और कई सप्ताह तक फंसे रहे। दूतावास ने स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया और भारतीय कामगारों को आवश्यक मंजूरी एवं यात्रा दस्तावेज दिलाने में सहायता की।’’

जायसवाल ने कहा कि दूतावास भारतीय नागरिकों के संपर्क में है। उन्होंने कहा, ‘‘जब उनके (भारतीय नागरिकों) मामले पर विचार किया जा रहा था, दूतावास उनका कल्याण सुनिश्चित करने के लिए लगातार उनके संपर्क में रहा तथा उन्हें दैनिक जीवन की वस्तुओं के संबंध में सहायता प्रदान की गई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दूतावास की सहायता से इसी समूह के तीन अन्य भारतीय नागरिक पिछले अक्टूबर में भारत लौट आए थे।’’

जायसवाल ने मामले में सहयोग के लिए लीबिया के अधिकारियों को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार विदेश में सभी भारतीयों के कल्याण और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now