देश की खबरें | सर्भी धर्मों के प्रतीकों के सम्मान की रक्षा के लिए कानून बनाया जाए: जमीयत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश के प्रमुख मुस्लिम संगठन जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने पैगम्बर मोहम्मद को लेकर कथित तौर पर की गई विवादित टिप्पणी के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा अपने विधायक राजा सिंह के खिलाफ की गई कार्रवाई को मंगलवार को ‘समय की आवश्यकता’ करार दिया और कहा कि सभी धर्मों के प्रतीकों के सम्मान के लिए कानून बनाया जाना चाहिए।

नयी दिल्ली, 23 अगस्त देश के प्रमुख मुस्लिम संगठन जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने पैगम्बर मोहम्मद को लेकर कथित तौर पर की गई विवादित टिप्पणी के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा अपने विधायक राजा सिंह के खिलाफ की गई कार्रवाई को मंगलवार को ‘समय की आवश्यकता’ करार दिया और कहा कि सभी धर्मों के प्रतीकों के सम्मान के लिए कानून बनाया जाना चाहिए।

जमीयत प्रमुख मौलाना महमूद मदनी ने एक बयान में कहा, ‘‘भाजपा विधायक ठाकुर राजा सिंह द्वारा पैगंबर के अपमान का कृत्य बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। यह देश के लिए भी अमर्यादित और दुनिया में बदनाम करने वाला है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अनुशासनात्मक कार्रवाई समय की आवश्यकता है। हालांकि, यह आवश्यक है कि ऐसे लोगों को कड़ी सजा दी जाए, ताकि इस विवाद का समाधान हो सके।’’

मदनी ने कहा, ‘‘जमीयत उलेमा-ए-हिंद की हमेशा से यह मांग रही है कि सभी धर्मों के प्रतीकों के मान-सम्मान की रक्षा के लिए एक कानून बनाया जाए, जिससे इस तरह के भड़काऊ भाषण के मामलों का समाधान हो सके। हम केंद्र सरकार से एक बार फिर मांग करते हैं कि वह परिस्थिति की संवेदनशीलता को समझे और इस संबंध में सख्त कदम उठाने से न हिचकिचाए।’’

उन्होंने लोगों से शांति-व्यवस्था बनाए रखने और धैर्य एवं संयम बरतने की अपील भी की।

तेलंगाना से भाजपा विधायक राजा सिंह को हैदराबाद पुलिस ने कथित तौर पर एक वीडियो में पैगंबर मोहम्मद के विरूद्ध टिप्पणी करने के आरोप में मंगलवार को गिरफ्तार किया। हालांकि, बाद में उक्त विवादित वीडियो को सोशल मीडिया मंच से हटा दिया गया।

राजा सिंह की टिप्पणी को लेकर बढ़े विवाद के बीच भाजपा ने भी उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया है।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now