Noida: ग्रेटर नोएडा पश्चिम में सोसायटी के पास दिखा तेंदुआ, तलाशी अभियान जारी
जिले में थाना बिसरख क्षेत्र की एक निर्माणाधीन आवासीय सोसायटी में मंगलवार की रात को तेंदुआ दिखाई देने के बाद उसे पकड़ने के लिए चलाया गया तलाशी अभियान बुधवार को भी जारी है और नोएडा वन विभाग की टीम के साथ मेरठ और आगरा से बुलाए गए विशेषज्ञ भी इस कार्य में मदद कर रहे हैं.
नोएडा, 4 जनवरी : जिले में थाना बिसरख क्षेत्र की एक निर्माणाधीन आवासीय सोसायटी में मंगलवार की रात को तेंदुआ दिखाई देने के बाद उसे पकड़ने के लिए चलाया गया तलाशी अभियान बुधवार को भी जारी है और नोएडा वन विभाग की टीम के साथ मेरठ और आगरा से बुलाए गए विशेषज्ञ भी इस कार्य में मदद कर रहे हैं. स्थानीय निवासियों ने तेंदुए को बुधवार को सुबह देखने का दावा किया. जनपद गौतम बुद्ध नगर के प्रभागीय वनाधिकारी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को बताया कि मंगलवार की रात को बिसरख थाना क्षेत्र की निर्माणाधीन अजनारा ली गार्डन सोसायटी में एक तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली. उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने तलाश शुरू की.
उन्होंने बताया कि मेरठ से वन विभाग की टीम को बुलाया गया है. उन्होंने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए गौतम बुद्ध नगर के साथ मेरठ और आगरा वन विभाग की टीम तथा नोएडा पुलिस ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया जो जारी है लेकिन आज सुबह तक तेंदुआ नहीं मिला. ग्रेटर नोएडा पश्चिम (नोएडा एक्सटेंशन) के सेक्टर 16 में अजनारा ली गार्डन सोसायटी में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना से आसपास रहने वाले लोगों में भी दहशत है. डीएफओ ने बताया कि लोगों से कहा गया है कि जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाए, वे घर से निकलते समय सावधानी बरतें. यह भी पढ़ें : Hyderabad: आयकर विभाग ने हैदराबाद में एक्सेल ग्रुप ऑफ कंपनीज के परिसरों पर की छापेमारी
सोसायटी में लगभग एक सप्ताह पहले 27 दिसंबर को भी तेंदुआ दिखा था. तब मेंटेनेंस विभाग ने निवासियों को इसकी सूचना देते हुए उन्हें बाहर निकलने से बचने की सलाह जारी की थी. तेंदुए के सोसायटी के आसपास मौजूद होने की सूचना के बाद दहशत के कारण सोसायटी निवासी अंदर ही रहे और कई लोग तो दैनिक उपयोग का सामान खरीदने के लिए नजदीकी दुकानों पर भी जाने से कतराते दिखे. सोसायटी में 15वें तल पर अपने परिवार के साथ रह रहे मुकेश गुप्ता ने पीटीआई- को बताया, ''सभी चिंतित हैं. मेरी पत्नी ने भी सोसायटी में तेंदुए को घूमते देखा. तब हल्की धुंध थी जब उसे स्वीमिंग पूल के पास तेंदुआ दिखा.''
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 04, 2023 12:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

