नयी टिहरी, 30 अगस्त उत्तराखंड के टिहरी जिले में रविवार सुबह एक आदमखोर तेंदुए ने विक्षिप्त युवक को अपना निवाला बना लिया जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गयी।
जिले के देवप्रयाग नगर क्षेत्र में डाक बंगला मोटर मार्ग पर यह घटना हुई। युवक का शव झाड़ियों में बीच पड़ा हुआ मिला। देवप्रयाग क्षेत्र में पिछले एक महीने से तेंदुए की दहशत बनी हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग ने घटना स्थल पर पहुंचकर पिंजरा लगाने के साथ ही विभागीय शूटर जॉय हुकिल को तैनात कर दिया है।
देवप्रयाग के पुलिस थानाध्यक्ष विपिन कुमार ने बताया कि सुबह करीब छह बजे पास के मकान में रहने वाले पंकज ने सड़क पर खून, चप्पल और कपड़े बिखरे देखकर पुलिस व आसपास के लोगों को सूचना दी जिसके बाद खून व घसीटने के निशानों का पीछा करते हुए करीब 20 मीटर ऊपर झाड़ियों में युवक का अधखाया शव मिला।
सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम को लोगों के गुस्से का भी सामना करना पड़ा। आक्रोशित लोग नरभक्षी तेंदुए को तत्काल मारे जाने के लिए क्षेत्र में शिकारी तैनात करने के बाद ही शव उठाने पर अडे़ रहे। बाद में वन विभाग ने मौके पर पिंजरा लगवाया।
मणिकनाथ वन रेंज के रेंजर देवेंद्र पुंडीर ने बताया कि तेंदुए को मारने के लिए शूटर जॉय हुकिल को तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिये ऋषिकेश एम्स भिजवा दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY