देश की खबरें | लखनऊ में विवाह समारोह में बिन बुलाए मेहमान की तरह घुसा तेंदुआ, दूल्हा-दुल्हन जान बचाने के लिए भागे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बुद्धेश्वर इलाके में एक विवाह समारोह में बिन बुलाये मेहमान की तरह एक तेंदुआ घुस आया, जिससे एक वन अधिकारी घायल हो गया और वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गयी।

लखनऊ, 13 फरवरी उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बुद्धेश्वर इलाके में एक विवाह समारोह में बिन बुलाये मेहमान की तरह एक तेंदुआ घुस आया, जिससे एक वन अधिकारी घायल हो गया और वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गयी।

राज्य के वन राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) अरुण कुमार सक्सेना ने इस घटना की जांच का आदेश दिया है।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दूल्हा-दुल्हन घंटों अपनी-अपनी कार में फंसे रहे। आखिरकार वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ लिया।

चश्मदीद ने बताया कि यह घटना बुधवार रात राज्य की राजधानी के बुद्धेश्वर रोड इलाके में हुई, जब तेंदुआ एक बैंक्वेट हॉल में घुस गया, फलस्वरूप मेहमानों में दहशत फैल गई और वे अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे।

उसने बताया कि यहां तक कि दूल्हा-दुल्हन भी भाग गए और खुद को कार में बंद कर लिया। घंटों की मशक्कत के बाद रात करीब दो बजे वनविभाग के कर्मियों ने तेंदुए को पकड़ा और उसे बेहोश कर दिया।

एक मेहमान ने बताया कि जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं गया, तब तक दूल्हा-दुल्हन दोनों के परिवार सुरक्षा के लिए अपने वाहनों में बैठे रहे।

घटना के कथित वीडियो में तेंदुआ एक अधिकारी का हथियार छीनता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि वह जानवर पर काबू पाने की कोशिश कर रहा है।

बाद में वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वन अधिकारी मुकद्दर अली तेंदुए के हमले में घायल हो गए, उनके हाथ में चोटें आईं।

वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद रात करीब दो बजे तेंदुए का ‘ट्रेंकुलाइज (इंजेक्शन देकर बेहोश करके) किया , जिसके बाद उसे पकड़ा जा सका।

उत्तर प्रदेश सरकार के वन राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) अरुण कुमार सक्सेना ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘हमने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। जानवर को पकड़ लिया गया है। लेकिन हम पूरी घटना की तह तक जाना चाहते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\