‘खादी इंडिया’ के नाम पर फर्जी पीपीई किट बेचने वाली कंपनियों के विरुद्ध होगी कानूनी कार्रवाई
केवीआईसी ने कहा कि ऐसी कंपनियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नयी दिल्ली, चार मई खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) ने सोमवार को कहा कि कुछ फर्जी कंपनियां व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (पीपीई) का निर्माण कर रही हैं और उस पर ‘खादी इंडिया’ का लोगो लगा लगाकर बेच रही हैं।
केवीआईसी ने कहा कि ऐसी कंपनियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
केवीआईसी के अध्यक्ष विनय कुमार सक्सेना ने एक वक्तव्य जारी कर यह भी स्पष्ट किया कि अभी खादी इंडिया ने बाजार में कोई भी पीपीई किट नहीं उतारा है।
केवीआईसी ने कहा कि ऐसे मामले प्रकाश में आए हैं जहां खादी के उत्पाद के नाम पर फर्जी पीपीई किट बेचे जा रहे हैं।
केवीआईसी ने कहा कि यह एकदम गलत और भ्रामक है और खादी इंडिया ने ऐसे कोई उत्पाद नहीं बनाए हैं।
वक्तव्य में कहा गया, “यह स्पष्ट किया जाता है कि केवीआईसी अपने उत्पाद के लिए विशेष रूप से हाथ से बने फैब्रिक का इस्तेमाल करता है और इसलिए पॉलीस्टर और पालीप्रोपाइलिन जैसे पदार्थ से बने उत्पाद न तो खादी के हैं न केवीआईसी द्वारा प्रमाणित हैं।”
सक्सेना ने कहा कि केवीआईसी ने खादी फैब्रिक से बना अपना पीपीई विकसित किया है जिसका कई चरणों में परीक्षण किया जाना है और अभी तक हमने कोई भी पीपीई किट बाजार में नहीं उतारा है।
उन्होंने कहा, “खादी के नाम पर पीपीई किट बेचना अवैध है। इसके अतिरिक्त ऐसे उपकरण से डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को खतरा है जो प्रतिदिन कोरोना वायरस से मुकाबला कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि केवीआईसी ऐसी फर्जी कंपनियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रही है।
वक्तव्य में कहा गया कि दिल्ली स्थित किसी ‘निचिआ कारपोरेशन’ नामक कंपनी द्वारा निर्मित फर्जी पीपीई किट के बारे में केवीआईसी के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्य नारायण को सूचना मिली थी जिन्होंने बताया कि केवीआईसी ने कोई भी पीपीई किट बाजार में नहीं उतारी है और न ही किसी निजी एजेंसी को बेचने का अधिकार दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 10:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

