देश की खबरें | केंद्र की साजिश में वामपंथी दल शामिल हैं : ममता

कोलकाता, नौ सितंबर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को आरोप लगाया कि कोलकाता के सरकारी अस्पताल में पिछले महीने एक चिकित्सक से कथित दुष्कर्म और हत्या की घटना पर जन आक्रोश को लेकर केंद्र साजिश रच रहा है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि इसमें कुछ वामपंथी दल भी शामिल हैं।

राज्य सचिवालय नबान्न में एक प्रशासनिक समीक्षा बैठक में ममता ने यह भी दावा किया कि उन्होंने मृतक चिकित्सक के माता-पिता को कभी पैसों की पेशकश नहीं की।

उन्होंने लोगों से दुर्गा पूजा नजदीक होने पर ‘‘उत्सवों की ओर लौटने’’ का अनुरोध किया।

ममता ने कहा, ‘‘मैंने मृतक चिकित्सक के परिवार को कभी पैसों की पेशकश नहीं की, यह बदनाम करने के अलावा और कुछ नहीं है। मैंने उनसे कहा कि अगर वे अपनी बेटी की याद में कुछ करना चाहते हैं तो हमारी सरकार उनके साथ है। मैं जानती हूं कि कब, क्या बोलना है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह (आरजी कर घटना के बाद प्रदर्शन) निश्चित रूप से केंद्र की साजिश है और कुछ वामपंथी दल भी इसमें शामिल हैं। कुछ लोग पड़ोसी देश में उथल-पुथल का फायदा उठा रहे हैं। वे भूल गए हैं कि भारत और बांग्लादेश अलग राष्ट्र हैं।’’

ममता के पास गृह विभाग का भी प्रभार है। उन्होंने कहा कि कोलकाता पुलिस आयुक्त विनीत गोयल ने प्रदर्शनों के बाद इस्तीफे की पेशकश की है लेकिन ‘‘हमें दुर्गा पूजा के मद्देनजर ऐसे किसी व्यक्ति की जरूरत है जिसे कानून एवं व्यवस्था की समझ हो।’’

बंगाल की मुख्यमंत्री ने जूनियर चिकित्सकों से जल्द से जल्द ड्यूटी पर लौटने का भी अनुरोध किया।

आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में नौ अगस्त को महिला चिकित्सक का शव मिला था।

परास्नातक प्रशिक्षु चिकित्सक से अस्पताल में उस वक्त कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और उसकी हत्या कर दी गयी थी जब वह ड्यूटी पर थी। इस घटना के बाद देशभर में प्रदर्शन हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)