मलप्पुरम, 29 नवंबर केरल में सत्तारूढ़ वाम दल के एक विधायक ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) कोष के तहत निलंबूर विधानसभा क्षेत्र में निर्मित सड़कों का उद्घाटन किया। वास्तव में, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को उन सड़कों का उद्घाटन करना था। निलंबूर विधानसभा क्षेत्र राहुल गांधी के वायनाड संसदीय क्षेत्र में आता है।
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने निलंबूर के विधायक पी. वी. अनवर के कदम को उचित ठहराते हुए कहा कि राज्य सरकार को गांधी के कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं थी।
कांग्रेस ने घटना को लेकर अनवर और राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की है।
विजयन ने विधायक की कार्रवाई को उचित ठहराते हुए कहा, ‘‘चाहे यह केंद्र सरकार की परियोजना हो या राज्य की या संयुक्त परियोजना हो, राज्य सरकार को इस बारे में सूचित किया जाना चाहिए।’’
यहां आयोजित नव केरल सदाज कार्यक्रम के दौरान मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए विजयन ने सड़क उद्घाटन को लेकर गांधी की योजना के बारे में अनभिज्ञता जताई। इसके साथ ही उन्होंने सवाल किया कि यह फैसला किसने किया कि निलंबूर में पीएमजीएसवाई कोष के तहत निर्मित सड़कों का उद्घाटन कांग्रेस नेता करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार को परियोजना के उद्घाटन के बारे में सूचित करना चाहिए था। उन्होंने सुझाव दिया कि अगर सांसद कोष से सड़कें निर्मित होतीं तो गांधी उनका उद्घाटन कर सकते थे।
इस मुद्दे पर विधायक एवं वाम नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करते हुए कांग्रेस ने ग्रामीण विकास मंत्रालय के एक परिपत्र का हवाला देते हुए दलील दी कि पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित सड़कों का उद्घाटन संबंधित सांसद को करना चाहिए।
मलप्पुरम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वी. एस. जॉय ने मुख्यमंत्री के आरोपों को खारिज कर दिया और कहा कि निलंबूर में छह नयी सड़कों का निर्माण पीएमजीएसवाई के तहत हुआ और उनका उद्घाटन गांधी करने वाले थे तथा इस बारे में राज्य सरकार को स्पष्ट तौर पर सूचित कर दिया गया था।
उन्होंने कहा कि सरकार को इस बारे में मेल के जरिए सूचित किया गया था।
उन्होंने पीटीआई- से कहा, ‘‘ग्रामीण विकास मंत्रालय के परिपत्र के अनुसार पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित सड़कों का उद्घाटन सांसद को करना चाहिए। हमने विधायक अनवर को भी उद्घाटन कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया था। लेकिन संभवत: अपने अहंकार के कारण उन्होंने इसका कल खुद उद्घाटन कर दिया।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY