देश की खबरें | थाईलैंड, कंबोडिया के नेता संघर्ष को समाप्त करने के लिए मलेशिया में वार्ता करेंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बैंकॉक, 27 जुलाई (एपी) थाईलैंड और कंबोडिया के नेता संघर्ष समाप्त करने के लिए मलेशिया में बैठक करेंगे। थाईलैंड के प्रधानमंत्री कार्यालय ने रविवार को यह जानकारी दी।
बैंकॉक, 27 जुलाई (एपी) थाईलैंड और कंबोडिया के नेता संघर्ष समाप्त करने के लिए मलेशिया में बैठक करेंगे। थाईलैंड के प्रधानमंत्री कार्यालय ने रविवार को यह जानकारी दी।
थाईलैंड और कंबोडिया के सैनिकों के बीच सीमा पर हो रहे संघर्ष को चार दिन हो गए हैं, जिसमें अब तक 34 लोगों की जान जा चुकी है तथा 1.68 लाख लोगों को विस्थापित होना पड़ा है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता जिरायु हुआंगसाप ने बताया कि कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथाम वेचायाचाई, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर सोमवार को आयोजित होने वाली वार्ता में शामिल होंगे।
जिरायु ने कहा कि फुमथाम के कंबोडियाई समकक्ष हुन मानेट भी वार्ता में शामिल होंगे, हालांकि कंबोडियाई अधिकारियों ने इसकी तत्काल पुष्टि नहीं की है।
थाईलैंड और कंबोडिया की सीमा पर एक सुरंग में बृहस्पतिवार को हुए विस्फोट में पांच थाई सैनिकों के घायल होने के बाद दोनों देशों के बीच संघर्ष शुरू हो गया था।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट किया कि उन्होंने थाईलैंड और कंबोडिया के नेताओं से बात की और सुझाव दिया कि यदि संघर्ष जारी रहा तो वह किसी भी देश के साथ व्यापार समझौतों पर आगे नहीं बढ़ेंगे।
बाद में उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष संघर्ष विराम पर बातचीत करने के लिए सहमत हो गए हैं।
कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट ने रविवार को कहा कि उनका देश “तत्काल और बिना शर्त युद्ध विराम” पर सहमत हो गया है।
उन्होंने कहा कि ट्रंप ने उन्हें बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति की फुमथाम के साथ बातचीत के बाद थाईलैंड भी हमले रोकने पर सहमत हो गया है।
कूटनीतिक प्रयासों के बावजूद, दोनों देशों की विवादित सीमा के कुछ हिस्सों में रविवार को भी संघर्ष जारी रहा। दोनों पक्ष पीछे हटने को तैयार नहीं हुए तथा पुनः गोलाबारी व सैन्य गतिविधियों के लिए एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे।
थाईलैंड की सेना के उप प्रवक्ता कर्नल आर. सुक्सोवानोन्त ने कहा कि कंबोडियाई सेना ने रविवार तड़के सुरीन प्रांत में भारी गोलाबारी की।
उन्होंने कहा कि कंबोडिया ने प्राचीन ता मुएन थॉम मंदिर, जिस पर दोनों देश दावा करते हैं, और अन्य क्षेत्रों को निशाना बनाकर रॉकेट हमले भी किए।
इस बीच थाईलैंड के विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘कंबोडिया में सद्भावना की भारी कमी है और वह मानवाधिकारों एवं मानवीय कानून के बुनियादी सिद्धांतों का बार-बार उल्लंघन कर रहा है । जब तक ऐसा है तब तक संघर्ष समाप्त नहीं हो सकता।’’
थाईलैंड में रविवार को एक सैनिक की मौत होने की सूचना है, जिससे मृतकों की कुल संख्या 21 हो गई, जिनमें से अधिकतर नागरिक हैं।
कंबोडिया ने कहा कि 13 लोग मारे गए हैं। थाईलैंड में 1,31,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और कंबोडिया के तीन प्रांतों से 37,000 से अधिक लोग पलायन कर गए हैं।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 27, 2025 11:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

