देश की खबरें | विपक्षी दलों के नेताओं ने मुर्मू के राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश के प्रमुख विपक्षी नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू के देश का 15वां राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई दी और सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन रहते हुए उनके सफल होने की कामना की।
नयी दिल्ली, 21 जुलाई देश के प्रमुख विपक्षी नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू के देश का 15वां राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई दी और सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन रहते हुए उनके सफल होने की कामना की।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘द्रौपदी मुर्मू जी को भारत का 15वां राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई और शुभकामनाएं।’’
मुख्य विपक्षी दल के महासचिव जयराम रमेश ने मुर्मू को बधाई देते हुए कहा कि वह आशा करते हैं कि राष्ट्रपति के रूप में मुर्मू केंद्र में (नरेंद्र) मोदी सरकार को, खासतौर पर वन और भूमि से जुड़े कानूनों को कमजोर किये जाने के लिए जवाबदेह ठहराएंगी।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ‘‘द्रौपदी मुर्मू को भारत की राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आशा है कि मुर्मू भारत के लोकतंत्र को मजबूत बनाने के संवैधानिक दायित्व का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करेंगी।’’
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने ट्वीट कर कहा, ‘‘द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई। आप इस प्रतिष्ठित पद पर आसीन होने की तैयारी कर रही हैं, आपको मेरी शुभकमानाएं। राष्ट्रपति के कार्यकाल के लिए आपकी सफलता की कामना करता हूं।’’
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, ‘‘ मैं द्रौपदी मुर्मू को बधाई देना चाहूंगी। देश राष्ट्राध्यक्ष के पद पर आपकी ओर गंभीरता से देखेगा कि हमारे संविधान के आदर्शों की रक्षा करें और लोकतंत्र की सरंक्षक बनें।’’
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘‘देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर आदरणीय द्रौपदी मुर्मू जी को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।’’
. बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने ट्वीट किया, ‘‘शोषित व अति-पिछड़े आदिवासी समाज की महिला द्रौपदी मुर्मू को देश के राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में भारी मतों से आज निर्वाचित होने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं ढेरों शुभकामनाएं। वे एक कुशल व सफल राष्ट्रपति साबित होंगी, ऐसी देश को उम्मीद है।’’
उन्होंने यह भी कहा, ‘‘देश में एसटी (अनुसूचित जनजाति) वर्ग की पहली महिला राष्ट्रपति उम्मीदवार होने के नाते बसपा ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उन्हें अपना समर्थन व वोट दिया। अब सरकार संविधान की सही मंशा के हिसाब से उनके उत्तरदायित्वों को निभाने में उन्हें सहयोग करे ताकि जन अपेक्षा पूरी हो व देश का मान-सम्मान भरपूर बढ़े।’’
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा, ‘‘द्रौपदी मुर्मू जी को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’’
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)