देश की खबरें | बंगाल के गैर भाजपा दलों के नेताओं ने बलात्कार संबंधी टिप्पणी पर उप्र के विधायक की निन्दा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल के विभिन्न राजनीतिक दलों ने उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह की उस टिप्पणी की निन्दा की है जिसमें उन्होंने कहा था कि दुष्कर्म की घटनाओं को रोकने के लिए लड़कियों को ‘संस्कार’ दिए जाने चाहिए।
कोलकाता, पांच अक्टूबर पश्चिम बंगाल के विभिन्न राजनीतिक दलों ने उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह की उस टिप्पणी की निन्दा की है जिसमें उन्होंने कहा था कि दुष्कर्म की घटनाओं को रोकने के लिए लड़कियों को ‘संस्कार’ दिए जाने चाहिए।
गैर भाजपा दलों के नेताओं ने पूछा कि भगवा दल अपने विधायक की टिप्पणी पर चुप क्यों है।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया से विधायक सुरेन्द्र सिंह से शनिवार को हाथरस की घटना के बारे में पूछे जाने पर कहा था कि अगर माता-पिता अपनी बेटियों को सही संस्कार देंगे तो बलात्कार की घटनाएं कम होंगी।
उन्होंने कहा था कि सरकार भले ही बलात्कार की घटनाओं के खिलाफ तलवार लिए खड़ी हो लेकिन फिर भी उन्हें रोका नहीं जा सकता।
तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने सिंह को ‘‘विकृत व्यक्ति’’ करार दिया। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘क्या भाजपा इस बीमार विकृत व्यक्ति पर अपना मौन व्रत तोड़ने जा रही है, जो उसके टिकट पर चुना गया है।’’
मोइत्रा ने अपने ट्वीट के साथ रविवार को सिंह की टिप्पणी की वीडियो क्लिप साझा की और कहा, ‘‘भगवा दल के ये लोग जब भी अपना मुंह खोलते हैं, भारत को अंधकार के युग में ले जाते हैं।’’
उनके पार्टी सहयोगी एवं राज्य के वरिष्ठ मंत्री पार्थ चटर्जी ने कहा, ‘‘यह वही है, जिसकी सिंह जैसे भाजपा विधायकों से उम्मीद की जाती है, जिनके मन में महिलाओं के लिए कोई सम्मान नहीं है, जो सही ढंग से पढ़े-लिखे नहीं हैं और जो मध्यकाल के विचारों से प्रभावित हैं। फिर भी भाजपा ऐेसे लोगों को चुनाव मैदान में उतारती है, जिससे भगवा दल का सच्चा रंग दिखता है।’’
वहीं, माकपा विधायक दल के नेता सुजान चक्रवर्ती ने भी बयान की निन्दा की और आरोप लगाया कि सिंह जैसे लोगों तथा हिन्दूवादी ताकतों के लिए महिलाएं ‘‘दोयम दर्जे की नागरिक’’ हैं।
लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि भाजपा विधायक की इस तरह की टिप्पणी बलात्कारियों का हौसला बढ़ाने का काम करेगी।
चौधरी ने कहा, ‘‘क्या वह (सिंह) उनके (बलात्कार के आरोपियों के) कृत्य को उचित ठहराने की कोशिश कर रहे हैं।’’
वहीं, भाजपा शासित राज्यों में दलितों पर लगातार अत्याचार का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि भगवा दल की विचारधारा जातिवाद से प्रेरित है।
प्रदेश भाजपा के नेता सायंतन बसु ने हालांकि कहा कि पार्टी बलिया के विधायक की टिप्पणी का समर्थन नहीं करती है।
बसु ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि हाथरस की घटना के दोषियों को जल्द सजा मिलेगी। लेकिन पार्क स्ट्रीट (बलात्कार) घटना पर मुख्यमंत्री (बनर्जी) के बारे में क्या? उन्होंने इसे मामूली घटना करार दिया था।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)