तमाम पार्टियों के नेताओं ने अभिनेता इरफान खान के इंतकाल पर दुख जताया
जमात

नयी दिल्ली, 29 अप्रैल राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अलग-अलग पार्टियों के नेताओं ने बुधवार को अभिनेता इरफान खान को श्रद्धांजलि दी।

अभिनेता इरफान खान का बुधवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 54 वर्ष के थे और लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे। दोपहर में वरसोवा स्थित कब्रिस्तान में उन्हें दफन कर दिया गया।

राष्ट्रपति कोविंद ने उन्हें दुर्लभ प्रतिभा-सम्पन्न कलाकार बताया और कहा कि उनकी विविध भूमिकाओं की छाप सदैव हमारे दिलों में अंकित रहेगी ।

राष्ट्रपति ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ विख्यात अभिनेता इरफान खान के असामयिक निधन से गहरा दुःख हुआ। उनका निधन, सिने-जगत एवं उनके अनगिनत प्रशंसकों के लिए अपूरणीय क्षति है।’’

कोविंद ने कहा, ‘‘ वे दुर्लभ प्रतिभा-सम्पन्न कलाकार थे। उनकी विविध भूमिकाओं की छाप सदैव हमारे दिलों में अंकित रहेगी ।’’

राष्ट्रपति ने कहा ‘‘दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विटर पर कहा कि इरफान का निधन सिनेमा और रंगमंच की दुनिया के लिए एक बड़ा नुकसान है।

उन्होंने कहा, "उन्हें विभिन्न माध्यमों में उनकी बहुमुखी भूमिकाओं के लिए याद किया जाएगा। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।"

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि देश ने असाधारण अभिनेता खो दिया।

शाह ने ट्वीट किया " इरफान खान के निधन की दुखद खबर सुनकर पीड़ा हुई। वह एक बहुमुखी अभिनेता थे, जिनकी कला ने वैश्विक ख्याति और पहचान अर्जित की थी। इरफान हमारे फिल्म उद्योग के लिए एक संपत्ति थे। उनके निधन से, राष्ट्र ने एक असाधारण अभिनेता और एक दयालु आत्मा को खो दिया है।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इरफान को सर्वोत्कृष्ट अभिनेता बताया और कहा कि उनके निधन की खबर सुनकर दुख हुआ।

सिंह ने पोस्ट किया, " वह कलात्मक प्रतिभा और बहुमुखी प्रतिभा के प्रतीक थे। उन्होंने 'लंच बॉक्स' जैसी फिल्मों में शानदार प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया । फिल्मों में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा। उनके असामयिक निधन से गहरा दुख हुआ।"

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी उनके निधन पर दुख जताया।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘इरफान खान के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। वह एक बहुमुखी प्रतिभा वाले अभिनेता थे। वह वैश्विक सिनेमा एवं टीवी के स्तर पर एक लोकप्रिय भारतीय अंबेसडर थे।’’

गांधी ने कहा, ‘‘इरफान की कमी बहुत महसूस की जाएगी। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना है।’’

कांग्रेस की अन्य नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया, ‘‘इरफान खान की बेमिसाल अदाकारी जैसी दूसरी मिसाल मिलनी मुश्किल है। उनके अभिनय ने ओं, राष्ट्रों और मज़हबों की सीमाओं को तोड़ते हुए अदाकारी का एक ऐसा लहजा बनाया जिसने कला और संवेदना के जरिए पूरी मानवता को एकजुट किया। ‘‘

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)