देश की खबरें | त्रिपुरा में नेता प्रतिपक्ष का दावा, मुख्यमंत्री माणिक साहा को हटाने की कोशिश कर रहे भाजपा नेता

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. त्रिपुरा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जितेंद्र चौधरी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं का एक गुट मुख्यमंत्री माणिक साहा को पद से हटाने का प्रयास कर रहा है।

अगरतला, 17 अक्टूबर त्रिपुरा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जितेंद्र चौधरी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं का एक गुट मुख्यमंत्री माणिक साहा को पद से हटाने का प्रयास कर रहा है।

चौधरी ने कहा, "हम मुख्यमंत्री साहा के इस्तीफे की मांग नहीं कर रहे, लेकिन उन्हें सूचित करना चाहते हैं कि उनकी पार्टी के नेताओं का एक वर्ग उन्हें पद से हटाने की कोशिश कर रहा है।"

उन्होंने कहा, "त्रिपुरा को अपराध मुक्त राज्य बनाने का आपका सपना तब तक साकार नहीं होगा जब तक आप अपने ही सदस्यों पर लगाम नहीं लगाएंगे, जो एक के बाद एक अपराध कर रहे हैं। यदि आप अपने कर्तव्यों को पूरा करने में विफल रहते हैं तो राज्य के लोग आपको माफ नहीं करेंगे।"

चौधरी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रदेश सचिव भी हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि साहा लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारियों को निर्वहनकरते हुए अपना पूरा कार्यकाल पूरा करें।

उन्होंने अगरतला में एक व्यक्ति की हत्या और दक्षिण त्रिपुरा के सबरूम में हिरासत में हुई मौत के मामले सामने आने के बाद यह टिप्पणी की है।

चौधरी के दावों के जवाब में, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता सुब्रत चक्रवर्ती ने कहा, "माकपा को जनता को गुमराह करने की कोशिश करने के बजाय अपने संगठन पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। वामपंथियों के विपरीत भाजपा मजबूत है। माकपा 2018 के विधानसभा चुनाव में ताश के पत्तों की तरह ढह गई।"

उन्होंने कहा, "माणिक साहा मुख्यमंत्री के रूप में पांच साल पूरे करेंगे, चाहे वामपंथी इस बात को पसंद करें या नहीं। यह तय है कि 2028 के विधानसभा चुनाव के बाद भी भाजपा सत्ता पर आसीन रहेगी।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\