देश की खबरें | एलडीएफ ने केंद्र की 'लापरवाही' के खिलाफ राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया

तिरुवनंतपुरम, 17 मार्च केंद्र सरकार द्वारा हालिया बजट में केरल की कथित उपेक्षा और राज्य द्वारा उठाई गई विभिन्न मांगों को ‘अनदेखा’ करने के खिलाफ सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा ने सोमवार को पूरे प्रदेश में विरोध मार्च निकाला और धरना दिया।

वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में पेश किए गए बजट में केरल की अनदेखी की है और राज्य की विभिन्न मांगों को नजरअंदाज किया है।

राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम में राजभवन के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में वाम मोर्चा के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। राज्य के विभिन्न जिलों के विधानसभा क्षेत्रों में भी विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए।

मार्कसवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पोलित ब्यूरो सदस्य एम. ए. बेबी ने राजभवन के सामने प्रदर्शन शुरु किया।

एलडीएफ के राज्य सचिव एम. वी. गोविंदन ने उत्तरी कन्नूर जिले में प्रदर्शन का नेतृत्व किया और केंद्र सरकार पर आरोप लगाया । उन्होंने कहा कि केरल के पास इतना संसाधन है कि केंद्र सरकार की उपेक्षा के बाद भी प्रदेश आगे बढ़ सकता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार जानबूझकर राज्य के विकास को रोकने का प्रयास कर रही है और केरल को उसके वैधानिक वित्तीय आवंटन से भी वंचित कर रही है।

थलस्सेरी में प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले वरिष्ठ वामपंथी नेता ई. पी. जयराजन ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह संविधान के संघीय ढांचे को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।

राज्यभर में वामपंथी दलों के प्रमुख नेताओं और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने इन प्रदर्शनों में भाग लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)