एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | लक्ष्मण आचार्य असम के राज्यपाल नियुक्त, गुलाब चंद कटारिया पंजाब में पुरोहित का स्थान लेंगे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार रात कई राज्यों के लिए राज्यपालों की नियुक्तियों की घोषणा की गई।

देश की खबरें | लक्ष्मण आचार्य असम के राज्यपाल नियुक्त, गुलाब चंद कटारिया पंजाब में पुरोहित का स्थान लेंगे

नयी दिल्ली, 27 जुलाई राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार रात कई राज्यों के लिए राज्यपालों की नियुक्तियों की घोषणा की गई।

राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है तथा उन्हें मणिपुर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है, वहीं गुलाब चंद कटारिया को पंजाब का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

विज्ञप्ति के अनुसार, आचार्य ने कटारिया का स्थान लिया है,कटारिया को केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ का प्रशासक भी नियुक्त किया गया है।

इसमें कहा गया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक के पद से बनवारीलाल पुरोहित का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘ सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है और उन्हें मणिपुर के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।’’

झारखंड के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राधाकृष्णन के स्थान पर संतोष कुमार गंगवार झारखंड के नए राज्यपाल होंगे।

बयान में कहा गया है कि हरिभाऊ किसनराव बागड़े को राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जिष्णु देव वर्मा तेलंगाना के राज्यपाल होंगे और ओम प्रकाश माथुर सिक्किम के नए राज्यपाल होंगे।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि रमेन डेका को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल और सी एच विजयशंकर को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

बयान में कहा गया है कि के. कैलाशनाथन को पुडुचेरी का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उनके कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी होगी।

बयान में कहा गया है कि ये नियुक्तियां उनके संबंधित कार्यालयों का कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी होंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 28, 2024 01:20 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).