देश की खबरें | महिला जज से छेड़खानी करने का आरोपी वकील गिरफ्तार

हमीरपुर (उत्‍तर प्रदेश), 23 अगस्‍त उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक महिला न्‍यायाधीश के साथ कथित छेड़खानी के आरोप में पुलिस ने एक अधिवक्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि जिले में तैनात एक महिला जज से छेड़खानी के आरोपी वकील मोहम्‍मद हारून को सोमवार को फतेहपुर जिले में गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्‍यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

उन्‍होंने बताया कि हारून पर आरोप है कि वह सुबह सैर पर निकली जज का पीछा करने के साथ-साथ उनके साथ छेड़खानी भी करता था। इस मामले में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से वह फरार था।

पुलिस को उसकी मौजूदगी फतेहपुर में होने की बात पता लगी थी, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि महिला जज से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तारी के बाद जिला बार एसोसिएशन ने उसकी सदस्‍यता निरस्‍त कर दी है।

एसोसिएशन के अध्‍यक्ष दिनेश शर्मा ने बताया कि संगठन ने हारून की इस हरकत की निंदा करते हुए उसकी सदस्यता निरस्त कर दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)