देश की खबरें | नीतीश कुमार के महागठबंधन में शामिल होने के बाद बिहार में कानून-व्यवस्था बदतर : केंद्रीय मंत्री पारस

नयी दिल्ली, 21 अगस्त केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने सोमवार को आरोप लगाया कि जद-यू नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राजग छोड़कर राजद और अन्य दलों के साथ गठबंधन सरकार बनाने के बाद से बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति ‘‘बदतर’’ हो गई है।

पारस ने विपक्षी एकता साधने के कुमार के प्रयासों पर कहा कि उनके नेताओं के परस्पर विरोधी हितों के कारण देश में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के खिलाफ कोई गठबंधन संभव नहीं है।

उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में सवालों का जवाब देते हुए कहा कि राजग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2024 के लोकसभा चुनाव में दो तिहाई बहुमत के साथ जीतकर लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाएगा।

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री पारस, केंद्र की राजग सरकार में गठबंधन सहयोगी राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष हैं।

पारस ने कहा, ‘‘बिहार में कोई भी दिन ऐसा नहीं जाता जब लूट, हत्या और अन्य गंभीर अपराध न होते हों। पुलिस, जनता, राजनेता और पत्रकार - कोई भी आज बिहार में सुरक्षित नहीं है।’’

राज्य में एक पत्रकार की हत्या सहित अपराध की कुछ हालिया घटनाओं पर टिप्पणी मांगे जाने पर पारस ने संवाददाताओं से यह बात कही।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब से कुमार राजग छोड़कर ‘‘महागठबंधन’’ में शामिल हुए हैं, बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर हो गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘कुमार आज एक कमजोर और असहाय मुख्यमंत्री हैं।’’

अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ एकजुटता बनाने के लिए कुमार द्वारा विपक्षी दलों के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने के बारे में सवाल पर पारस ने कहा कि विपक्षी दलों के परस्पर विरोधी हितों के कारण ऐसा कोई गठबंधन संभव नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘सभी विपक्षी दल के नेता प्रधानमंत्री पद के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं, लेकिन उनमें से कोई भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कद से मेल नहीं खाता है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)