एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कन्नूर के एडीएम को दी गई अंतिम विदाई, वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों ने बताया ईमानदार और काबिल व्यक्ति

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के पथनमथिट्टा में जिला कलक्ट्रेट में मंत्रियों, वरिष्ठ नौकरशाहों और सहकर्मियों समेत सैकड़ों लोग कन्नूर के पूर्व एडीएम नवीन बाबू के अंतिम दर्शन के लिए कतार में खड़े हुए, जिनका पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार की सुबह श्रद्धांजलि देने वालों के लिए रखा गया था।

देश की खबरें | कन्नूर के एडीएम को दी गई अंतिम विदाई, वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों ने बताया ईमानदार और काबिल व्यक्ति

पथनमथिट्टा (केरल), 17 अक्टूबर केरल के पथनमथिट्टा में जिला कलक्ट्रेट में मंत्रियों, वरिष्ठ नौकरशाहों और सहकर्मियों समेत सैकड़ों लोग कन्नूर के पूर्व एडीएम नवीन बाबू के अंतिम दर्शन के लिए कतार में खड़े हुए, जिनका पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार की सुबह श्रद्धांजलि देने वालों के लिए रखा गया था।

बाबू को श्रद्धांजलि देते समय पथनमथिट्टा की पूर्व कलेक्टर दिव्या एस. अय्यर की आंखों में आंसू छलक आए और उन्होंने बाबू के साथ काम करने के अपने अनुभव को याद किया। कहा जा रहा है कि कन्नूर जिला पंचायत की अध्यक्ष पी पी दिव्या ने बाबू के विदाई समारोह के दौरान उनपर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे, जिसके बाद उन्होंने आत्महत्या कर ली।

अय्यर ने आंसू पोछते हुए पत्रकारों से कहा, "हमने एक परिवार के रूप में साथ काम किया। मैं उन पर लगे आरोपों पर विश्वास नहीं कर सकती। उन्होंने निस्वार्थ भाव से काम किया। वह एक विनम्र व्यक्ति थे। मैं इसके बारे में और अधिक टिप्पणी नहीं कर सकती क्योंकि मैं एक सरकारी अधिकारी हूं। यह वास्तव में दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं इससे अधिक कुछ नहीं कह सकती।"

पथनमथिट्टा के एक अन्य पूर्व कलेक्टर, आईएएस अधिकारी पी बी नूह ने बाबू के साथ काम करने के अपने अनुभवों को याद किया।

फेसबुक पर एक भावनात्मक पोस्ट में नूह ने बाबू को एक सज्जन व्यक्ति के रूप में याद किया, जो नौकरशाही की पाबंदियों के बिना लोगों के साथ बातचीत करते थे और बहुत कुशलता से काम करते थे।

उन्होंने कहा कि बाबू जैसे अधिकारियों के काम के कारण 2018 की बाढ़ के दौरान संकट, सबरीमाला में महिलाओं के प्रवेश को लेकर विवाद और फिर कोविड-19 महामारी पर काबू पाया जा सका।

नूह ने कहा, "यह असहनीय है कि एक व्यक्ति जो हमेशा मुस्कुराता रहता था, जिसने कभी किसी चीज़ के बारे में शिकायत नहीं की, और आसानी से किसी के भी साथ घुल मिल जाता था, आखिरकार इस तरह अलविदा कह रहा है। वह 30 साल से अधिक की सेवा के बाद बेहतर विदाई के हकदार थे।”

राज्य के राजस्व मंत्री के. राजन और स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने भी यहां कलक्ट्रेट में बाबू को श्रद्धांजलि अर्पित की।

बाबू के पार्थिव शरीर को बाद में यहां मलयालापुझा स्थित उनके घर लाया गया, जहां दोपहर में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

बाबू को मंगलवार की सुबह अपने गृह जिले पथनमथिट्टा पहुंचकर यहां के एडीएम के रूप में कार्यभार संभालना था, हालांकि इससे पहले ही उनका शव उनके आवास में लटका हुआ मिला।

एक दिन पहले उनके सहयोगियों ने विदाई समारोह आयोजित किया था, जिसमें जिला कलेक्टर अरुण के विजयन ने भाग लिया था। इस दौरान कथित तौर पर निमंत्रण के बिना समारोह में पहुंचीं दिव्या ने बाबू पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।

दिव्या ने चेंगलाई में एक पेट्रोल पंप को मंजूरी देने में कई महीनों की देरी के लिए एडीएम की आलोचना की थी और कहा था कि उन्होंने स्थानांतरण के दो दिन बाद ही मंजूरी दे दी। उन्होंने संकेत दिया था कि वह अचानक दी गई इस मंजूरी के कारणों को जानती हैं।

बाबू की मौत के बाद राज्य में विवाद पैदा हो गया है। विपक्षी कांग्रेस ने सत्तारूढ़ माकपा की कन्नूर जिला पंचायत अध्यक्ष दिव्या के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग की है। भाजपा ने भी ऐसी ही मांग की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 17, 2024 03:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).