जरुरी जानकारी | एनसीएलएटी में न्यायिक, तकनीकी पदों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि एक सितंबर हुई

नयी दिल्ली, 17 अगस्त कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय (एमसीए) ने राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) में न्यायिक और तकनीकी पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर एक सितंबर कर दी है। एमसीए ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एमसीए द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इससे पहले आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि पांच जुलाई थी।

अधिसूचना के अनुसार, “उम्मीदवारों की भागीदारी बढ़ाने और सर्वश्रेष्ठ प्रतिभा का चयन करने के लिए आगे भी आवेदन स्वीकार करने का निर्णय लिया गया है। ऑनलाइन आवेदन स्वीकार करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर एक सितंबर, 2023 कर दिया गया है।”

इसमें कहा गया कि भर्ती अधिसूचना के अन्य नियम व शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

सरकार ने इसी साल जून में एनसीएलएटी में तीन न्यायिक सदस्यों और दो तकनीकी सदस्यों के लिए आवेदन मांगे थे।

एनसीएलएटी की प्रधान पीठ राष्ट्रीय राजधानी में जबकि एक अन्य पीठ चेन्नई में है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)