जरुरी जानकारी | ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की डेटा सेंटर के लिए भूमि आवंटन योजना शुरू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (जीएनआईडीए) ने मंगलवार से ‘डेटा सेंटर’ के विकास के लिए भूमि आवंटन योजना शुरू कर दी है, जिसके तहत उसे 20,000 करोड़ रुपये का निवेश आने की उम्मीद है।
नोएडा (उप्र), 13 जून ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (जीएनआईडीए) ने मंगलवार से ‘डेटा सेंटर’ के विकास के लिए भूमि आवंटन योजना शुरू कर दी है, जिसके तहत उसे 20,000 करोड़ रुपये का निवेश आने की उम्मीद है।
प्राधिकरण ने एक बयान में कहा कि इस निवेश से क्षेत्र में करीब 10,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही प्राधिकरण को 13 भूमि क्षेत्रों के आवंटन से करीब 1,000 करोड़ रुपये का राजस्व भी मिलेगा।
जीएनआईडीए ने कहा, ‘‘डेटा सेंटर के लिए निर्धारित 13 भूखंडों में से दो भूखंड सेक्टर नॉलेज पार्क-5 में स्थित हैं जबकि शेष 11 भूखंड सेक्टर टेक ज़ोन में स्थित हैं। ये भूखंड 4,047 वर्ग मीटर से लेकर 1.07 लाख वर्ग मीटर तक के हैं।’’ इन भूखंडों का आवंटन ई-नीलामी के माध्यम से किया जाएगा।
जीएनआईडीए की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रितु माहेश्वरी ने कहा कि ग्रेटर नोएडा तेजी से डेटा सेंटर के गढ़ के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘निवेशक यहां के बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी से बहुत प्रभावित हैं। निवेशक इस योजना के माध्यम से भूखंड लेकर यहां बड़े पैमाने पर निवेश कर सकते हैं।’’
इस योजना में पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए चार जुलाई तक पंजीकरण कराया जा सकता है जबकि दस्तावेज जमा करने की आखिरी तारीख आठ जुलाई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)