देश की खबरें | लालू प्रसाद ने भाजपा पर आरक्षण के खिलाफ होने का आरोप लगाया

नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद ने सोमवार को ‘मंडल बनाम कमंडल’ की बहस को फिर से छेड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर समाज के सांप्रदायीकरण का तथा कमजोर वर्गों के लिए सामाजिक न्याय एवं आरक्षण के खिलाफ होने का आरोप लगाया।

प्रसाद ने यह दावा भी किया कि उनके खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) तथा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई विपक्षी दलों को एकजुट करने के उनके प्रयासों का नतीजा है।

उन्होंने 90 के दशक में राम मंदिर आंदोलन के लिए भाजपा के अभियान और उस दौर में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण के लिए चले आंदोलनों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा तभी से आरक्षण के खिलाफ रही है।

प्रसाद (74) ने राजद के यहां आयोजित खुले सम्मेलन में भाजपा पर निशाना साधते हुए ‘मंडल बनाम कमंडल’ का राग छेड़ा और कहा कि भगवा दल को बाद में ओबीसी समुदायों के लिए आरक्षण को स्वीकार करना पड़ा था जबकि उनके जैसे आरक्षण समर्थक नेताओं पर जातिवाद को हवा देने के आरोप लगे।

स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों से जूझ रहे प्रसाद ने यहां तालकटोरा स्टेडियम में हुए सम्मेलन में संक्षिप्त भाषण दिया और उपस्थित पार्टी सदस्यों ने लगातार तालियां बजाकर उनका अभिवादन किया।

लालू प्रसाद जल्द ही उपचार के लिए सिंगापुर जाएंगे।

वह पहले भी भाजपा के खिलाफ आरक्षण के मुद्दे को उठाते रहे हैं।

उन्होंने आज अपने भाषण में आरोप लगाया कि देश में आपातकाल की तरह तानाशाही का वातावरण है और संस्थाओं को नष्ट किया जा रहा है।

प्रसाद ने दावा किया कि उनकी पार्टी विपक्षी दलों को एकजुट करने का प्रयास कर रही है, इसलिए उनके तथा पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ सीबीआई एवं ईडी का इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम लोग छापे से डरने वाले नहीं हैं। आपको छाप देंगे हम लोग। मोदी सरकार उखड़ जाएगी।’’

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के खिलाफ एकजुटता के प्रयासों में शामिल नहीं होने वाले दलों को जनता माफ नहीं करेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)