देश की खबरें | नहीं झुकने के कारण लालू और उनके परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है: कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने नौकरी के बदले जमीन के कथित घोटाला मामले में सोमवार को बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा पूछताछ किए जाने की भर्त्सना करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है।

नयी दिल्ली, छह मार्च कांग्रेस ने नौकरी के बदले जमीन के कथित घोटाला मामले में सोमवार को बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा पूछताछ किए जाने की भर्त्सना करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है।

पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने यह दावा भी किया लालू प्रसाद और उनका परिवार नहीं झुका, इसीलिए उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘जो विपक्षी नेता भाजपा के सामने झुकने को तैयार नहीं हैं, उन्हें ईडी-सीबीआई के जरिये प्रताड़ित किया जा रहा है। आज राबड़ी देवी जी को परेशान किया जा रहा है। लालू प्रसाद जी व उनके परिवार को वर्षों से प्रताड़ित किया जाता रहा है, क्योंकि वे नहीं झुके ।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है।’’

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम राबड़ी देवी जी के खिलाफ इस कार्रवाई की भर्त्सना करते हैं। यह कोई संयोग नहीं है। 2014 के बाद ईडी के मामले चार गुना बढ़ गए और इनमें से 95 प्रतिशत मामले विपक्ष के खिलाफ हैं।’’

उन्होंने सवाल किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और दूसरी एजेंसियां अडाणी के यहां क्यों नहीं पहुंचतीं?

उल्लेखनीय है कि सीबीआई के एक दल ने नौकरी के बदले जमीन के कथित घोटाला मामले की जांच के सिलसिले में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से उनके आवास पर सोमवार को पूछताछ की।

अधिकारियों ने बताया कि आवास पर कोई तलाशी नहीं हुई या कोई छापा नहीं मारा जा रहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now