नयी दिल्ली, चार मई भारत के गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी के लिये राहत की खबर है कि उनका प्रतिष्ठित पीजीए टूर (पेशेवर गोल्फ टूर का आयोजक) में वर्तमान सत्र के बाकी टूर्नामेंटों के अलावा 2020-21 सत्र के लिये भी खेलने का दर्जा बना रहेगा।
लाहिड़ी लॉकडाउन से पहले अपने माता पिता से मिलने हैदराबाद आए थे और तब से वह अमेरिका वापस नहीं जा पाये। वह 2015 से नियमित रूप से पीजीए टूर में खेल रहे हैं।
लाहिड़ी ने कहा, ‘‘निसंदेह यह बहुत बड़ी राहत है और पीजीए ने वर्तमान परिस्थितियों (कोविड-19) को देखते हुए सही फैसला किया। ’’
इस भारतीय गोल्फर ने पिछले साल कोर्न फेरी टूर में शीर्ष 50 में जगह बनाकर वर्तमान सत्र के लिये कार्ड हासिल किया था। उन्होंने हालांकि इस साल जिन 12 टूर्नामेंट में हिस्सा लिया उनमें वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाये थे।
उन्होंने जिन 12 प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया उनमें से केवल पांच में कट में जगह बना पाये थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन प्यूर्टोरिको में रहा जहां वह संयुक्त 44वें स्थान पर रहे थे। सैंडरसन फार्म्स चैंपियनशिप में वह संयुक्त 45वें स्थान पर रहे थे।
लाहिड़ी तालिका में अभी 209वें नंबर पर चल रहे थे और अगले सत्र के लिये अपना कार्ड बचाये रखने के लिये उन्हें सत्र के बाकी टूर्नामेंट में बहुत अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत थी।
उन्होंने कहा, ‘‘इससे मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं कि मेरा पीजीए टूर में खेलने का दर्जा बना रहेगा। इससे मुझे उसके अनुसार योजना बनाने में मदद मिलेगी। कुल मिलाकर यह बहुत अच्छी नीति है और मैं बेहद उत्साहित व खुश हूं। ’’
लाहिड़ी ने कहा, ‘‘उन्होंने बहुत अच्छा काम किया कि जिसे इस साल छूट दी जा रही है उसे अगले साल के लिये भी छूट मिलेगी। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)











QuickLY