खेल की खबरें | लाहिड़ी प्यूर्टो रिको में संयुक्त 39वें स्थान पर रहे, ग्रेस ने जीता खिताब
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी ने लगातार चौथे दौर में अंडर पार का स्कोर बनाया और प्यूर्टो रिको ओपन गोल्फ टूर्नामेंट में संयुक्त 39वें स्थान पर रहे।
रियो ग्रेंडे (प्यूर्टो रिको), एक मार्च भारतीय गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी ने लगातार चौथे दौर में अंडर पार का स्कोर बनाया और प्यूर्टो रिको ओपन गोल्फ टूर्नामेंट में संयुक्त 39वें स्थान पर रहे।
लाहिड़ी ने आखिरी दौर में दो अंडर 70 का कार्ड खेला और उनका कुल स्कोर छह अंडर 282 रहा।
लाहिड़ी ने 10वें होल से शुरुआत की तथा 13वें और 16वें होल में बोगी कर बैठे लेकिन इसके बाद उन्होंने 17वें और 18वें होल में बर्डी बनाकर अच्छी वापसी की।
दूसरे नौ होल में उन्होंने दूसरे और पांचवें होल में बर्डी बनायी और बाकी होल में पार स्कोर हासिल किया।
पीजीए टूर में अपने सातवें सत्र में खेल रहे लाहिड़ी हालांकि संयुक्त 39वें स्थान पर रहने से संतुष्ट नहीं थे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस सप्ताह इससे बेहतर परिणाम की उम्मीद कर रहा था लेकिन मैं इसके सकारात्मक पहलुओं पर गौर करूंगा और उम्मीद है कि अगले टूर्नामेंट में मेरा प्रदर्शन बेहतर रहेगा। ’’
दक्षिण अफ्रीका के ब्रेंडन ग्रेस ने अंतिम दौर में छह अंडर 66 का कार्ड खेलकर खिताब जीता। ग्रेस ने पार-चार के 17वें होल में ईगल बनायी और 18वें होल में बर्डी बनाकर जोनाथन वेगास पर एक शॉट से जीत दर्ज की।
ग्रेस के पिता पीटर का जनवरी में एक महीने तक कोविड-19 से जूझने के बाद निधन हो गया था और इसलिए इस जीत पर वह भावुक हो गये। उन्होंने कहा, ‘‘आज सुबह जब मैं कार में अपनी पत्नी से बात कर रहा था तो मेरे आंसू नहीं रुक रहे थे। यह मेरे लिये भावुक करने वाला दिन है। ’’
दक्षिण अफ्रीका के इस 32 वर्षीय खिलाड़ी ने पीजीए टूर में दूसरी बार जीत दर्ज की। यह उनका कुल 13वां खिताब है। उन्होंने आखिरी दौर में छह अंडर 66 का कार्ड खेला और उनका कुल स्कोर 19 अंडर 269 रहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 01, 2021 04:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

