जरुरी जानकारी | एलएंडटी का पहली तिमाही का मुनाफा 36 प्रतिशत बढ़कर 3,116 करोड़ रुपये, शेयर पुनर्खरीद को मंजूरी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. ढांचागत क्षेत्र से जुड़ी कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) ने मंगलवार को कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 36 प्रतिशत बढ़कर 3,116.2 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।

नयी दिल्ली, 25 जुलाई ढांचागत क्षेत्र से जुड़ी कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) ने मंगलवार को कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 36 प्रतिशत बढ़कर 3,116.2 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।

इस बीच, कंपनी के निदेशक मंडल ने 10,000 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की पुनर्खरीद योजना को भी मंजूरी दे दी।

एलएंडटी ने शेयर बाजारों को दी गई सूचना में कहा कि बीती तिमाही में आय बढ़ने से उसके लाभ में बढ़ोतरी हुई है। एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 2,293.01 करोड़ रुपये रहा था।

आलोच्य अवधि में कंपनी की कुल आय बढ़कर 49,027.93 करोड़ रुपये हो गई, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 36,547.92 करोड़ रुपये थी।

चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का खर्च भी बढ़कर 44,695.56 करोड़ रुपये हो गया जो साल भर पहले 33,619.24 करोड़ रुपये था।

कंपनी के निदेशक मंडल ने शेयर पुनर्खरीद के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। निदेशक मंडल ने 10,000 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों को खरीदने का प्रस्ताव मंजूर किया। हालांकि, अभी इसपर अभी शेयरधारकों की मंजूरी लेनी बाकी है।

इसके अलावा निदेशक मंडल ने प्रति शेयर छह रुपये का विशेष लाभांश देने की भी घोषणा की है।

एलएंडटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक एस एन सुब्रमण्यम ने बयान में कहा, ‘‘पहली तिमाही में राजस्व आय के मजबूत रहने और लाभ बढ़ने से प्रदर्शन अच्छा रहा है। हम समूह का रिटर्न अनुपात बेहतर करने के लिए शेयरधारकों को अतिरिक्त नकदी लौटाने जा रहे हैं।’’

सुब्रमण्यम ने कहा कि भारत और खाड़ी देशों में पूंजीगत व्यय बढ़ने से कंपनी की परियोजनाओं एवं विनिर्माण पोर्टफोलियो के विस्तार को समर्थन मिल रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\