एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कुप्पम भारत के लिए आदर्श निर्वाचन क्षेत्र होगा: आंध्र के मुख्यमंत्री नायडू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को कहा कि उनके गृह निर्वाचन क्षेत्र कुप्पम को पूरे देश के लिए एक 'मॉडल' के रूप में विकसित किया जाएगा।

देश की खबरें | कुप्पम भारत के लिए आदर्श निर्वाचन क्षेत्र होगा: आंध्र के मुख्यमंत्री नायडू

कुप्पम, 12 जुलाई आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को कहा कि उनके गृह निर्वाचन क्षेत्र कुप्पम को पूरे देश के लिए एक 'मॉडल' के रूप में विकसित किया जाएगा।

चित्तूर जिले के शांतिपुरम मंडल के तुमसी स्थित आंध्र प्रदेश मॉडल स्कूल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार राज्य को "विनाश से विकास की ओर" ले जा रही है।

'स्वर्ण कुप्पम' परियोजना के तहत कई विकास और कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत करने के बाद नायडू ने कहा, "मैं सुशासन की दिशा में पहला कदम उठाने के लिए यहां आया हूं। हम कुप्पम को राष्ट्र के लिए एक आदर्श निर्वाचन क्षेत्र में बदल देंगे।"

उन्होंने घोषणा की कि 3,890 करोड़ रुपये की लागत से शुरू किए गए हंड्री-नीवा सिंचाई कार्य से इस साल पूरे निर्वाचन क्षेत्र में जलापूर्ति सुनिश्चित होगी।

नायडू ने कहा कि कुप्पम में 1,292 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें से 129 करोड़ रुपये की परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि 'स्वर्ण कुप्पम' पहल के तहत सभी सड़कों को सीमेंट और बिटुमिनस मानकों के अनुसार अपग्रेड किया जा रहा है।

नायडू ने कहा कि कुप्पम की कोई विशिष्ट पहचान नहीं है, इसलिए सरकार "ब्रांड कुप्पम" की स्थापना करेगी और स्थानीय उत्पादों के लिए विपणन के अवसर पैदा करेगी।

उन्होंने कुप्पम में हवाई अड्डे के विकास के लिए 850 करोड़ रुपये की घोषणा की और अपनी जमीन देने वाले भूस्वामियों को उचित मुआवजा देने का भरोसा दिलाया।

नायडू ने निर्वाचन क्षेत्र में हर छत पर सौर पैनल लगाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि 'प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना' के तहत भारी सब्सिडी से घर बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनेंगे।

मुख्यमंत्री ने दावा किया, "एक बार यह योजना लागू हो जाने के बाद बिजली बिल का भुगतान करने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।"

उन्होंने कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधि को बढ़ावा देने के लिए कुप्पम से होसुर तक एक समानांतर सड़क और पालमनेर से कृष्णगिरि तक चार लेन वाली सड़क के निर्माण की भी घोषणा की।

नायडू ने कहा कि कुप्पम में मंदिर विकास के लिए 50 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं और उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र के सभी मंदिरों के जीर्णोद्धार का संकल्प लिया।

उन्होंने बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन और टाटा समूह के साथ मिलकर डिजिटल स्वास्थ्य कार्ड शुरू करने की भी घोषणा की।

अपनी यात्रा के दौरान नायडू ने हंड्री-नीवा परियोजना के तहत 47 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 30 किलोमीटर नहर लाइनिंग और 42.5 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई 46 किलोमीटर सीमेंट सड़कों तथा 65 किलोमीटर बिटुमिनस सड़कों का उद्घाटन किया।

उन्होंने 1,000 महिलाओं को एलपीजी कनेक्शन और 3,041 लाभार्थियों को पेंशन भी वितरित की।

'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के तहत 21 करोड़ रुपये की लागत से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों के 7,488 घरों में सौर पैनल लगाए गए।

नायडू ने घर-घर जाकर कूड़ा उठाने के लिए 130 इलेक्ट्रिक ऑटो-रिक्शा को भी हरी झंडी दिखाई, जिससे कुप्पम ऐसा पहला विधानसभा क्षेत्र बन गया, जिसने कचरा प्रबंधन के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को पूरी तरह से लागू किया। यह निर्वाचन क्षेत्र अपने कॉमन ट्रीटमेंट सेंटर में रीसाइक्लिंग के माध्यम से 'जीरो-लैंडफिल नीति' को भी लागू कर रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2025 09:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).