देश की खबरें | बेंगलुरू में जलजमाव को लेकर कुमारस्वामी ने कर्नाटक सरकार पर ‘घोर लापरवाही’ का आरोप लगाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बेंगलुरु शहर में लगातार हो रही बारिश के कारण जलजमाव होने के बीच, केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने मंगलवार को कर्नाटक सरकार पर तीखा हमला किया और उस पर ‘‘घोर लापरवाही’’ बरतने का आरोप लगाया।

बेंगलुरु, 20 मई बेंगलुरु शहर में लगातार हो रही बारिश के कारण जलजमाव होने के बीच, केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने मंगलवार को कर्नाटक सरकार पर तीखा हमला किया और उस पर ‘‘घोर लापरवाही’’ बरतने का आरोप लगाया।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘जब लोग मर रहे हैं और जीवित रहने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, कांग्रेस नेता साधना समावेश (उपलब्धि सम्मेलन) की मेजबानी में व्यस्त हैं। पिछले एक सप्ताह से, वास्तविक शासन के बजाय रंगीन, गारंटी से भरे विज्ञापनों पर जोर दिया गया है।’’

कुमारस्वामी ने कहा कि बेंगलुरु के लोग ‘‘ब्रांडेड नर्क’’ में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर परेशान है जबकि इसके नेता प्रचार अभियानों में लीन हैं।

उन्होंने दावा किया, ‘‘कांग्रेस सरकार की असली उपलब्धियां अब शहर की जलमग्न सड़कों और जाम नालियों में तैर रही हैं। क्या उनमें विवेक भी है? एक निष्क्रिय सरकार का साधना समावेश आयोजित करना शर्मनाक है।’’

उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार पर विशेष रूप से निशाना साधते हुए कुमारस्वामी ने कहा, ‘‘खोखले भाषण देने और विपक्ष पर आरोप लगाने के बजाय उपमुख्यमंत्री को वास्तविक काम पर ध्यान देना चाहिए। ‘वॉर रूम’ में बैठकर जद(एस) और भाजपा पर छद्म युद्ध छेड़ने से कोई फायदा नहीं होगा। जो व्यक्ति काम नहीं कर सकता, उसे गैर-जिम्मेदाराना तरीके से बोलने का कोई अधिकार नहीं है - और वह आज स्पष्ट रूप से इसी स्थिति में हैं।’’

‘‘ब्रांड बेंगलुरु’’ अभियान की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कुमारस्वामी ने पूछा, ‘‘आपने 'ग्रेटर बेंगलुरु' नाम का दावा कर क्या हासिल किया है? आप किसके लिए इसकी ब्रांडिंग कर रहे हैं? क्या यह बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए सिर्फ एक ‘फैंसी लेबल’ है? दो साल से हम बस यही सुन रहे हैं 'ब्रांड, ब्रांड...' क्या ब्रांडिंग सिर्फ बेंगलुरु को डुबोने का एक नया तरीका है?’’

कुमारस्वामी ने आरोप लगाया कि शिवकुमार के लिए बेंगलुरु शहरी विकास विभाग प्रभावी रूप से ‘‘बेंगलुरु नकदी विकास विभाग’’ बन गया है।

राज्य की कांग्रेस सरकार को चेतावनी देते हुए कुमारस्वामी ने कहा, ‘‘लोगों ने आपको बागडोर सौंपी है - इस पर शोक मनाने के लिए नहीं, और कलम को सजावट की वस्तु की तरह इस्तेमाल करने के लिए नहीं। बातें करना बंद करें और काम करना शुरू करें। नहीं, तो यही बाढ़ का पानी आपके तथाकथित ब्रांड को बहा ले जाएगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\